बरेली। एक दिन पहले छह लोगों के संक्रमित मिलने के बाद शनिवार को भी आठ लोग संक्रमित पाए गए। इज्जतनगर के मंडल विहार की रहने वाली मां-बेटी भी संक्रमित मिली हैं, जो पिछले दिनों सिंगापुर से बरेली लौटी हैं। विदेश से आने वालों की निगरानी के क्रम में दोनों की कोविड जांच कराई गई तो रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। तीन सौ बेड अस्पताल के कोविड इंटरनेशनल वार्ड में आइसोलेट किया गया गया है।
आईडीएसपी इंचार्ज और सर्विलांस सेल प्रभारी डॉ. अनुराग गौतम के मुताबिक, विदेश से लौटे परिवार के अलावा मीरगंज के मोहल्ला खानपुरा पोस्ट ऑफिस रोड की रहने वाली 20 वर्षीय युवती, उसका 19 वर्षीय भाई संक्रमित मिले हैं। भाई दिल्ली की एक कंपनी में कार्यरत है। जिसकी तबियत 22 दिसंबर से खराब हुई थी। 25 दिसंबर को युवक ट्रेन से बरेली लौटा था। वापस आकर मेडिकल स्टोर से दवाएं लेकर लगातार सेवन कर रहा था। कोरोना संदिग्ध लक्षण मिलने पर 29 दिसंबर को उसने जिला अस्पताल की लैब में कोरोना जांच कराई थी। जिसकी रिपोर्ट शनिवार को पॉजिटिव मिली है। फिलहाल दोनों होम आइसोलेशन पर हैं।
बहेड़ी जाम की रहने वाली 24 वर्षीय गर्भवती महिला शनिवार को चेकअप के लिए सीएचसी पहुंची थी। एहतियातन कोरोना जांच कराई गई तो रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। सर्विलांस टीम से बातचीत में गर्भवती ने खुद को लक्षणरहित बताया है। वहीं, मीरगंज का एक 38 वर्षीय युवक 30 दिसंबर को दिल्ली से बरेली आया था। संदिग्ध लक्षण मिलने पर 30 दिसंबर को जांच कराई। एक जनवरी को रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है।
यूबी एरिया के जवान समेत दो सैन्यकर्मी संक्रमित
शनिवार को दो सैन्यकर्मियों की कोरोना जांच हुई। डॉ. गौतम ने बताया कि संक्रमित सैन्यकर्मी एमएच में ही आइसोलेट हैं। इनमें से एक सैन्यकर्मी पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। जो यूबी एरिया में लिपिक के पद पर तैनात है। वह 24 दिसंबर को प. बंगाल से बरेली आकर होम आइसोलेशन में था। ड्यूटी ज्वॉइन करने से पहले जांच हुई तो वह संक्रमित मिला। एक अन्य संक्रमित मिले सैन्यकर्मी का फोन स्विच ऑफ है।
कोरोना संक्रमितों के संपर्क में रहे 40 लोग
डॉ. गौतम के मुताबिक, सभी संक्रमितों से बातचीत के दौरान 40 लोगों के संपर्क में रहने की सूचना मिली है। वे किन लोगों के संपर्क में रहे हैं, उनसे कॉन्टैक्ट कर सैंपलिंग कराई जाएगी। वहीं, शुक्रवार को संक्रमित मिले छह लोगों के संपर्क में 63 लोग रहे थे। इनमें से शनिवार को 45 लोगों की कोविड जांच हो चुकी है और सभी की रिपोर्ट निगेटिव मिली है। संदिग्ध लक्षण मिलने पर तत्काल सूचना देने को कहा है।
30 से 11वें पायदान पर पहुंचा बरेली जिला
पांच दिन पहले जिले में एक सक्रिय केस होने की वजह से बरेली जिला एक बार फिर संक्रमण से मुक्त होने के कगार पर पहुंच गया था। हालांकि, पिछले करीब पांच दिनों में हर दिन संक्रमित मिलने की वजह से अब जिले में 18 सक्रिय संक्रमित हो चुके हैं। पांच दिन पहले 30वें पायदान पर पहुुंच चुका जिला एक बार फिर से 11वें पायदान पर पहुंच गया है। संक्रमण के मामले अभी थमे नहीं हैं, कोविड जांच जारी है।
विदेश से लौटे 52 लोग, नौ हाई रिस्क देश से
विदेश से लौटने वालों का सिलसिला अभी थमा नहीं है। शनिवार को स्टेट सर्विलांस ने 30 दिसंबर को बरेली आए 52 लोगों की सूची भेजी है। इसमें नौ लोग हाई रिस्क देश से हैं और तीन लोगों के नाम, पते, मोबाइल नंबर गलत दर्ज होने से उन्हें ट्रेस नहीं किया जा सका है। हाई रिस्क देश से लौटे चार लोग बहेड़ी, दो मुंशी नगर, एक-एक व्यक्ति एकता नगर, पुराना शहर और ग्रीन पार्क का रहने वाला है।