कहां गायब हो गया मोबाइल फोन, जांच जारी
शूटर ने सेंट्रल जेल में अपनी सर्किल की चहारदीवारी के पास खड़े होकर वीडियो बनाया था। इसके बाद जेल में छापे मारे गए लेकिन मोबाइल फोन बरामद नहीं हो सका। शूटर का मोबाइल फोन जेल से कहां गायब हो गया, इसका जवाब जेल के अधिकारियों के पास भी नहीं है।
शूटर के फोन से कई अहम सुराग हाथ लग सकते हैं और कई बड़े अफसरों की गर्दन भी फंस सकती है। इसलिए फोन को लेकर कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है। वीडियो किस फोन से बनाया गया, उसको चार्ज और रिचार्ज करने की व्यवस्था कैसे होती थी? यह भी जांच के बाद ही पता चल सकेगा। फिलहाल, अभी जेल के कई राज खुलने बाकी हैं।
बाबा बकाला का मुरीद है आसिफ
वीडियो में आसिफ बाबा बकाला का आशीर्वाद होने की बात कह रहा है। बताते हैं कि अमृतसर के पास बाबा बकाला शहर में सिख धर्मगुरु बाबा बकाला साहिब के नाम से गुरुद्वारा है जिसकी दूरदराज तक मान्यता है। सूत्रों के मुताबिक शूटर आसिफ भी बाबा बकाला को मानता है। इसके अलावा वह बड़ों का आशीर्वाद होने की बात भी कह रहा है। कयास लगाया जा रहा है कि बड़ों से उसका आशय जेल में स्वर्ग जैसी सुविधाएं देने वाले अफसरों से भी हो सकता है।
डीआईजी जेल कुंतल किशोर ने बताया कि तीन जेल वार्डरों को निलंबित कर दिया गया है। जेल के दोनों जेलरों व डिप्टी जेलर की विभागीय जांच शुरू करा दी गई है। जिसका जितना दोष मिलेगा, उसी के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। बरेली सेंट्रल जेल में नए अधीक्षक की नियुक्ति की जा रही है।