बरेली। अब तक 14 सौ के पार पहुंच रही ओपीडी सोमवार को भीषण गर्मी की वजह से एक हजार के भीतर ही सिमट गई। गर्मी की वजह से दूर-दराज के मरीज जिला अस्पताल तक नहीं पहुंच रहे हैं। वे स्थानीय स्तर पर इलाज करा रहे हैं। तबीयत बिगड़ने की आशंका से दिव्यांग भी कम पहुंचे। दोपहर तीन के बजाय डेढ़ बजे ही ओपीडी और दिव्यांग शिविर सिमट गए।
शनिवार को आधे दिन की ओपीडी रही। रविवार को अवकाश था। सोमवार को मरीजों की कतार लगने का अनुमान था। ओपीडी सुबह आठ बजे से खुलनी थी पर डॉक्टर को दिखाने के लिए मरीज सुबह सात बजे ही परचा काउंटर पर डट गए थे। सुबह दस बजे से हो रही तेज धूप से बचने के लिए डॉक्टर को पहले दिखाकर घर जाने की बेसब्री तीमारदारों और मरीजों में दिखी। परचा जल्द बनवाने के लिए काउंटर पर नोकझोंक की स्थिति रही। वहीं, डॉक्टर को दिखाने, पैथोलॉजी में जांच कराने, दवा काउंटर पर भी मरीजों में आपाधापी की स्थिति रही।
उधर, दिव्यांग शिविर में भी महज 40 दिव्यांग ही पहुंचे। लिहाजा, दोपहर एक बजे तक वहां भी सन्नाटा पसर गया। तीन सौ बेड अस्पताल में 328 मरीज पहुंचे। ओपीडी दोपहर एक बजे सिमट गई। ज्यादातर मरीज सर्द-गर्म, दस्त, उल्टी, तेज बुखार, त्वचा रोगों की चपेट में रहे।
फोटो : एक वाटर कूलर के भरोसे पांच सौ मरीज
भीषण गर्मी में मरीजों और तीमारदारों की प्यास बुझाने के लिए जिला अस्पताल में हैंडपंप समेत चार बड़े वाटर कूलर संचालित हैं। दूसरी ओर, तीन सौ बेड अस्पताल में महज एक ही वाटर कूलर से पांच सौ मरीजों की प्यास बुझाई जा रही है। स्मार्ट सिटी की ओर से कोरोना महामारी के दौरान लगाए गए प्याऊ और हैंड वॉशर यूनिट निगरानी के अभाव में जंग खा रही हैं।