नवाबगंज। उच्च प्राथमिक विद्यालय गंगापुर उर्फ खामपुर के प्रधानाध्यापिका शबीना खातून ने करीब 150 बच्चों को बांटने के लिए आई किताबें कबाड़ी को महज दो हजार रुपये में बेच डालीं। इसकी जानकारी ग्रामीणों ने एसडीएम को दी तो उन्होंने कबाड़खाने पर छापा मारकर किताबें बरामद कर लीं। साथ ही तीन लोगों को पकड़ लिया। बाद में बयान दर्ज करने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। एसडीएम ने किताबें जब्त कर खंड शिक्षा अधिकारी के कार्यालय भिजवा दी। एसडीएम ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को कबाड़ी और प्रधानाध्यापिका के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। खंड शिक्षा अधिकारी ने प्रधानाध्यापिका के निलंबन की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है।
गंगापुर उर्फ खामपुर गांव में शबीना खातून प्रधानाध्यापिका के पद पर तैनात है। गुरुवार को प्रधानाध्यापिका ने सत्र 2018-19 में कक्षा 6, 7 और 8 के करीब 150 बच्चों को बांटने के लिए आई किताबों को सौदा कबाड़ी से आठ रुपये प्रति किलो के हिसाब से कर दिया। स्कूल से चोरी छुपे एक ऑटो में चार बोरों में किताबें और परीक्षा की कापियों को भरकर कस्बे के एवन बरात घर में चले कबाड़खाने में उतार दिया गया। इन किताबों को कबाड़ी ने कबाड़खाने में 12 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेचा था। ग्रामीणों को मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने एसडीएम अरुणमणि तिवारी को फोन कर दिया। इस पर एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर कबाड़ी और तीन अन्य लोगों को पकड़ लिया। फिर सूचना खंड शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्रा को दी। खंड शिक्षाधिकारी ने शिक्षामित्र सौरभ कटियार को जांच करने मौके पर भेजा। सौरभ कटियार ने कबाड़खाने के मालिक और किताबों को लादकर लाने वाले सदीक अहमद, इसरार अहमद, अब्दुल हमीद के लिखित बयान दर्ज किए। फिर उन्हें छोड़ दिया गया। बाद में एसडीएम ने खंड शिक्षाधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए। घटना की शिकायत गंगापुर गांव के करतार सिंह, चंद्रप्रकाश और मेवाराम भगत ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
- पुराने सत्र की किताबों से मच्छर और कीडे़ हो रहे थे किताबों को बेचकर साफ सफाई कराई गई है। ग्रामीण के आरोप निराधार है। शबीना खातून, प्रधानाध्यापिका
- ग्रामीणों की सूचना पर एक कबाड़खाने पर छापा मारा तो वहां सरकारी स्कूल की किताबों को बेचने को लाया गया था। मामले की जानकारी विभागीय अधिकारियों को दे दी गई है। किताबों को जब्त कर खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय भिजवा दिया गया है। - अरुणमणि तिवारी,
एसडीएम नवाबगंज
सरकारी किताबों की कबाडे़ में बेचना गलत है आला अधिकारियों को जानकारी दे दी गई है। प्रधानाध्यापिका के निलंबन की संस्तुति कर कार्रवाई की जा रही है। रमेश चंद्र, खंड शिक्षाधिकारी नवाबगंज