यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं की कॉपियों का मूल्यांकन यहां के पांचों केंद्रों पर मंगलवार को दूसरे दिन भी नहीं हुआ। सुबह से ही केंद्रों पर डटे शिक्षक संगठनों के नेताओं ने कहीं कॉपियां नहीं जंचने दीं। डीएचई हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे। केडीईएम में वित्तविहीन शिक्षकों ने कोठार में ताला जड़ दिया और जीआईसी में मूल्यांकन कर रहे राजकीय शिक्षकों के पास से कॉपियों के बंडल वापस करा दिए। इस बीच बिशप मंडल इंटर कॉलेज में मूल्यांकन की स्थिति देखने पहुंचे डीआईओएस डॉ. आशुतोष भारद्वाज के सामने ही शिक्षक नेताओं ने नारेबाजी की। उनका घेराव किया गया। केडीईएम, इस्लामियां इंटर कॉलेज और विष्णु इंटर कॉलेज में भी कॉपियां नहीं जांची गईं।
माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट, पांडेय गुट और वित्तविहीन शिक्षक संघ तथा वित्तविहीन शिक्षक महासभा के नेता टोलियों में मूल्यांकन केंद्रों पर घूमते रहे। शर्मा गुट की टोली ने प्रदेश उपाध्यक्ष आफताब अहमद खां के नेतृत्व में मूल्यांकन रुकवाया। इसमें संरक्षक विजय किशोर जौहरी, मंडलीय मंत्री नरेश चंद्र सक्सेना, जिलाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र कुमार गंगवार, जिला मंत्री रमेश चंद्र शर्मा और अविनाश चंद्र सक्सेना शामिल रहे। पांडेय गुट की टोली ने प्रदेश मंत्री प्रवीण कुमार सक्सेना और जिलाध्यक्ष अखिलेश पांडेय के नेतृत्व में मूल्यांकन बहिष्कार कराया। उत्तर प्रदेश माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक संघ के प्रदेश महासचिव शंकरलाल गंगवार के नेतृत्व में मूल्यांकन का बहिष्कार किया गया। इस टोली में सुरेंद्र गंगवार, सत्यपाल, नवलकिशोर त्रिपाठी, राजीय कटियार और टिंकू वर्मा शामिल रहे। वित्तविहीन शिक्षक महासभा ने जिलाध्यक्ष आरसी गंगवार के नेतृत्व में मूल्यांकन का बहिष्कार कराया। मंडल अध्यक्ष सुधीर यादव ने कहा कि वित्तविहीन शिक्षकों को सरकार से मानदेय भुगतान होने तक मूल्यांकन बहिष्कार जारी रहेगा।
इंसेट...
शिक्षकों का पारिश्रमिक रिलीज
मूल्यांकन बहिष्कार के बीच डीआईओएस ने पिछले दो वर्षों की बोर्ड परीक्षाओं का पारिश्रमिक रिलीज कर दिया। इसे ट्रेजरी भिजवा दिया गया। उत्तर प्रदेश माध्यमिक प्रधानाचार्य परिषद के पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष डॉ. सुरेश चंद्र रस्तोगी के नेतृत्व में ट्रेजरी में पहुंचकर पारिश्रमिक और वेतन शिक्षकों के खाते में जारी करवाया। प्रतिनिधि मंडल में मंडलीय मंत्री डॉ. संदीप इंदवार, मंडल अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार, एसके शर्मा और सुभाष मिश्रा आदि शामिल रहे। बता दें कि अनुदानित माध्यमिक शिक्षक इस पारिश्रमिक भुगतान के लिए मूल्यांकन का बहिष्कार कर रहे हैं। पैसा रिलीज होने से उनका बहिष्कार खत्म होने के आसार हैं।