बरेली कॉलेज में रेगुलर परीक्षा फार्म के लिए सुबह काउंटर खोलने पर विद्यार्थियों ने हंगामा कर दिया। उनका कहना था कि वह प्रोसेसिंग फीस 200 रुपये नहीं देंगे। समाजवादी छात्र सभा, एनएसयूआई, अंबेडकर छात्र सभा और विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने काउंटर बंद करा दिया। पुलिस ने काउंटर खुलवाने की कोशिश की तो छात्रों की पुलिस से भी झड़प हो गई। बाद में रजिस्ट्रार को खुद बरेली कॉलेज पहुंचकर विद्यार्थियों को शांत करना पड़ा।
रजिस्ट्रार एके सिंह ने कहा कि विद्यार्थी चाहे ऑफलाइन फार्म जमा करें और चाहे ऑनलाइन, जैसे भी आसान लगे फार्म जमा कर सकते हैं। सबकी प्रोसेसिंग फीस 200 रुपये ही होगी। इसके बाद सभी काउंटर खोल दिए गए और विद्यार्थियों की भीड़ काउंटर पर फार्म जमा करने पहुंच गई।
तकरीबन दस दिनों से बरेली कॉलेज में फार्म नहीं जमा हो रहे थे। विद्यार्थी यही कहकर काउंटर बंद करा दे रहे थे कि ऑनलाइन रेगुलर परीक्षा परीक्षा तब तक नहीं जमा करेंगे, जब तक कि कॉलेज की 200 रुपये की प्रोसेसिंग फीस कम नहीं की जाएगी। रुहेलखंड विश्वविद्यालय प्रोसेसिंग फीस तो नहीं कम कर पाया, लेकिन ऑफलाइन भी फार्म भरने का मौका दे दिया। रजिस्ट्रार एके सिंह ने कहा कि विद्यार्थी चाहे ऑफलाइन फार्म भरें, लेकिन उसे भी ऑनलाइन करा दिया जाएगा। विद्यार्थियों के विरोध प्रदर्शन की वजह परीक्षा फार्म जमा करने की प्रक्रिया में एक हफ्ते विलंब हुआ है। अब विश्वविद्यालय को परीक्षा फार्म जमा करने की तारीख भी आगे बढ़ानी होगी।
विद्यार्थी परिषद ने रजिस्ट्रार कार्यालय में दिया धरना
बरेली। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने विवि रजिस्ट्रार कार्यालय में धरना देकर निजी कॉलेजों में हो रही अवैध वसूली रोकने की मांग की। विद्यार्थियों ने कहा कि रजिस्ट्रार के छापा मारने के बाद भी खुसरो कॉलेज विद्यार्थियों से अवैध वसूली कर रहा है। खुसरो कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए विश्वविद्यालय में रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचे। वहीं धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों कालेज में रजिस्ट्रार के छापे के समय ज्यादा फीस वसूली को लेकर कालेज प्रबंधन को चेताया गया था, इसके बावजूद ज्यादा फीस वसूली हो रही है। रजिस्ट्रार एके सिंह ने ज्यादा फीस दे चुके विद्यार्थियों की सूची मांगते हुए कहा कि वह इसकी जांच कराएंगे।