हजारों की भीड़ पहुंचने से बरेली कॉलेज में फैली अफरातफरी
बरेली। शुक्रवार को बरेली कॉलेज में प्राइवेट फार्म जमा करने के लिए हजारों की संख्या में प्राइवेट छात्र-छात्राएं उमड़ पड़े। एकाएक इतनी संख्या में आए छात्रों ने महाविद्यालय में हर ओर अफरातफरी का माहौल पैदा कर दिया। इन छात्रों को संभालने के लिए प्रॉक्टोरियल बोर्ड को काफी मशक्कत करनी पड़नी।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षाओं के प्राइवेट फार्म इन दिनों विश्वविद्यालय और संबंधित कॉलेजों में जमा कराए जा रहे हैं। छात्रों द्वारा संबंधित कॉलेजों में फार्म जमा करने की आखिरी तारीख छह जनवरी रखी गई है। यानी अगले सोमवार तक फार्म जमा किए जाएंगे, लेकिन बीच में रविवार पड़ जाने से अभ्यर्थियों को एक दिन कम मिलेगा। वहीं शनिवार को काफी भीड़ होने की आशंका है। भीड़ से बचने को बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शुक्रवार को ही बरेली कॉलेज में फार्म जमा करने को पहुंच गए। इस दौरान फार्म जमा करने को लेकर छात्रों की आपस में और कई बार पटल अधिकारियों के साथ नोंकझोंक भी हुई। उधर, कॉलेज का प्रॉक्टोरियल बोर्ड भी इतनी बड़ी संख्या में आए छात्रों को संभालने को लेकर परेशान रहा। मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा, जिसके चलते शांतिपूर्ण ढंग से फार्म जमा करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सका।