बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में छात्र और छात्रा के बीच तकरार हुई और फिर छात्र ने आसपास मौजूद लोगों की परवाह किए बगैर छात्रा के कई तमाचे जड़ दिए। विश्वविद्यालय के सुरक्षा गार्डों ने छात्र को पकड़ा तो छात्रा ने ही आपस का मामला बताते हुए उसे बचा दिया। मांगने पर भी शिकायत तक नहीं दी। हालांकि छात्र ने अपने माफीनामे में छात्रा पर बुलाने का आरोप लगाया और दोबारा न आने का वादा भी किया।
विश्वविद्यालय के अधिकारियों के मुताबिक यहां हॉस्टल में रहने वाली हरिद्वार की छात्रा बीफार्मा कर रही है जिसकी दोस्ती कानपुर के एक छात्र से है जो बीएचयू का रिसर्च स्कॉलर है। दिवाली से पहले छात्रा ने छात्र को मिलने के लिए विश्वविद्यालय कैंपस में बुलाया था। डीएसडब्ल्यू विभाग के सामने खड़े होकर दोनों बात कर रहे थे। इसी बीच उनमें किसी बात को लेकर तकरार हो गई और फिर छात्र ने छात्रा को पीटना शुरू कर दिया। उसके चेहरे पर कई तमाचे जड़ दिए।
छात्रा चीखी-चिल्लाई तो कुछ ही दूरी पर खड़े सुरक्षा गार्डों ने छात्र को पकड़ लिया। सुरक्षा प्रभारी सुधांशु शर्मा भी पहुंच गए। उन्होंने सख्ती की तो छात्रा ही छात्र के बचाव में आ गई। सुरक्षा प्रभारी ने शिकायत देने को कहा लेकिन छात्रा ने लिखित शिकायत भी नहीं की। फिलहाल सुरक्षा प्रभारी ने छात्र की आईडी जमा कराने के साथ ही उससे माफीनामा लिखवा लिया है। माफीनामा में छात्र ने छात्रा पर ही बुलाने का आरोप लगाया है और दोबारा न आने की बात कही है। सुरक्षा प्रभारी ने बताया कि मामला प्रॉक्टोरियल बोर्ड को भेजा जा रहा है। अब वहीं से कार्रवाई होगी।