बरेली। श्रीराममूर्ति की पुण्यतिथि के मौके पर श्रीराममूर्ति स्मारक ट्रस्ट की ओर से 400 से ज्यादा विद्यार्थियों को तीन करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। इसमें इंजीनियरिंग और मेडिकल के उन छात्रों को चुना गया जिन्होंने परीक्षा में विशिष्ट अंक प्राप्त किए।
ट्रस्ट के चेयरमैन देवमूर्ति ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। ट्रस्ट के सचिव आदित्य मूर्ति, बरेली कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अजय शर्मा, ट्रस्ट प्रशासक डॉ. सुभाष मेहरा आदि ने राममूर्ति को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस मौके पर गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री का जन्म दिवस भी मनाया गया। ट्रस्ट के चेयरमैन देवमूर्ति ने कहा कि इस छात्रवृत्ति की शुरुआत 11 लोगों को 21 हजार रुपये देकर हुई थी, जो आज तीन करोड़ तक पहुंच गई है। कहानी प्रतियोगिता के विजेता त्रिज किशोर, देवांश वर्मा, क्षितिज मिश्रा को नकद पुरस्कार दिया गया। वाद विवाद प्रतियोगिता में चल वैजयंती इस साल बीबीएल स्कूल को दिया गया। वरिष्ठ वर्ग में श्रीराममूर्ति स्मारक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी विजेता रहा। ट्रस्ट के चेयरमैन देवमूर्ति ने ट्रस्ट की योजनाओं के बारे में बताया। कहा कि इसी साल से विधि कॉलेज शुरू किया है। अगले सत्र से एसआरएमएस प्राउड 100 योजना शुरू करने की तैयारी है, जिसके तहत मेधावी छात्रों को नौ हजार रुपये प्रतिमाह पर बीटेक की पढ़ाई कराई जाएगी।