बरेली। शिक्षकों ने प्रेरणा एप के विरोध में बीएसए दफ्तर के बाहर सोमवार को धरना प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने कहा कि इस एप में तमाम खामियां है। जब तक एप वापस नहीं होगा, शिक्षकों का विरोध जारी रहेगा।
जूनियर हाईस्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ के तत्वावधान में हुए धरना में मंडल अध्यक्ष देवेंद्र आर्य ने कहा कि सरकार शिक्षकों पर विश्वास न करके शिक्षा व्यवस्था को चौपट करने की साजिश कर रही है। जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद गंगवार ने कहा कि प्रेरणा एप शिक्षकों की निजता का उल्लंघन है। इससे शिक्षकों को अपने मूल कार्य के लिए समय ही नहीं बचेगा। जिला कोषाध्यक्ष रूप किशोर गंगवार ने कहा कि शिक्षक की भूमिका राष्ट्र निर्माण की होती है। प्रेरणा एप के माध्यम से सरकार शिक्षकों को कमजोर साबित करना चाहती है। सभी शिक्षकों से एकजुट होकर इस एप का विरोध करने का आह्वान किया गया। धरने के बाद संघ ने सीएम को संबोधित ज्ञापन कार्यवाहक बीएसए राजीव श्रीवास्तव को सौंपा। इस मौके पर राजपाल सिंह गंगवार, नरदेव, कुंवरसेन, केसी पटेल, ऋषिपाल, मोहनलाल, सुंदरलाल सागर, अरविंद सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।