बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध दस डिग्री कॉलेजों ने संबद्धता विस्तारण के लिए समय बीतने के बावजूद निरीक्षण नहीं कराया। इसके चलते विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद ने इन सभी डिग्री कॉलेजों पर 50-50 हजार रुपये जुर्माना लगाया है।
बरेली और मुरादाबाद मंडल में पिछले शैक्षिक सत्र में निरीक्षण आख्या न प्राप्त होने के बावजूद एक जुलाई 2019 तक संबद्धता प्रदान कर दी गई थी। यह ऐसे विश्वविद्यालय थे, जिन्होंने दूसरी बार अथवा दो बार से अधिक मान्यता बढ़ाने के लिए अनुरोध किया था या किसी कारणवश निरीक्षण नहीं करा सके थे। उस दौरान इन कॉलेजों को जल्दी ही संबद्धता विस्तारीकरण के लिए निरीक्षण कराने को कहा था लेकिन कॉलेजों ने इस पर ध्यान नहीं दिया। न तो इन कॉलेजों ने निरीक्षण कराया और न ही टीम भेजने के लिए विश्वविद्यालय से अनुरोध किया। अब इन कॉलेजों में शैक्षिक सत्र 2019-20 के एडमिशन भी चुके हैं लेकिन निरीक्षण न होने के चलते मान्यता विस्तारीकरण अधर में फंसा है। इस पर विश्वविद्यालय की कार्य परिषद ने सख्ती जताते हुए दस डिग्री कॉलेजों पर 50-50 हजार रुपये जुर्माना लगाया है।
इन कॉलेजों पर लगा जुर्माना
मुस्लिम कॉलेज मुरादाबाद, केएस डिग्री कॉलेज संभल, पार्श्वनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन मुरादाबाद, सिटी डिग्री कॉलेज बिजनौर, माताराम मेमोरियल डिग्री कॉलेज शाहजहांपुर, स्वामी कल्याण देव महाविद्यालय बिजनौर, कुंवर दुर्गा बख्श सिंह महाविद्यालय शाहजहांपुर, वीरांगना अवंतीबाई महाविद्यालय शाहजहांपुर, अख्तरी कुरैशी गर्ल्स डिग्री कॉलेज बिजनौर, बाबा लक्ष्मणदास महाविद्यालय धामपुर।