बरेली। दो चरणों की काउंसलिंग प्रक्रिया के बावजूद बरेली और मुरादाबाद मंडल के कॉलेजों में एमएड की सीटें नहीं भर सकी हैं। इसके चलते रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने कॉलेजों को 14 सितंबर तक इन सीटों पर सीधे एडमिशन लेने का मौका दिया है।
बरेली और मुरादाबाद मंडल में रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध 20 डिग्री कॉलेजों में एमएड का पाठ्यक्रम संचालित होता है। इन कॉलेजों में इस कोर्स की 900 सीटें हैं, लेकिन इन्हें भरना भी मुश्किल हो रहा है। पहले चरण 19-21 अगस्त तक चली काउंसलिंग में इस पाठ्यक्रम की सिर्फ 518 सीटें ही भर सकीं। खाली बची 382 सीटों के लिए 27 और 28 अगस्त को दोबारा काउंसलिंग की गई, लेकिन इसमें भी करीब 250 सीटें ही भर सकीं। खाली बची अन्य सीटों पर अब विश्वविद्यालय ने कॉलेजों को अब सीधे एडमिशन लेने का मौका दिया है। विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने कहा है कि विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों से आवेदन लेकर कॉलेज अपने स्तर पर मेरिट तैयार कर 14 सितंबर तक एडमिशन ले सकते हैं। इसके बाद 16 सितंबर को इन एडमिशन की सूचना मेल और 18 सितंबर को हार्डकॉपी के जरिए सूचना विश्वविद्यालय को उपलब्ध करानी होगी।