बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में प्राइमरी स्कूल के छात्र-छात्राओं को भी दीक्षा मिलेगी। कुलाधिपति एवं राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के निर्देश पर विश्वविद्यालय ने 50 छात्र-छात्राओं को बुलाने की तैयारी शुरू कर दी है। इनके लिए मुख्य अतिथि स्वामी चिदानंद सरस्वती से अलग से संबधन कराने का भी प्रयास किया जाएगा।
दो सितंबर को रुहेलखंड विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह होगा। स्पोर्ट्स स्टेडियम में होने वाले आयोजन के मुख्य अतिथि भारतीय शोध प्रतिष्ठान, ऋषिकेश के संस्थापक स्वामी चिदानंद सरस्वती होंगे और अध्यक्षता राज्यपाल आनंदी बेन पटेल करेंगी। इस बार का आयोजन विशुद्ध रूप से शिक्षा, समाज और अध्यात्म को समर्पित होगा। इसी के चलते राज्यपाल ने विश्वविद्यालय को इस आयोजन में प्राइमरी स्कूल के छात्र-छात्राओं और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को भी बुलाने के निर्देश दिए हैं। विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि समूहों से संपर्क शुरू कर दिया गया है। प्राइमरी स्कूलों से 25 छात्र और 25 छात्राएं बुलाई जाएंगी। आयोजन की तैयारियां तेजी से चल रही हैं, पंडाल में करीब दस हजार लोगों के लिए व्यवस्था की जाएगी।
नहीं नजर आएंगे दूसरे विश्वविद्यालयों के कुलपति
इस बार के दीक्षांत समारोह में प्रदेश के दूसरे विश्वविद्यालयों के कुलपति नजर नहीं आएंगे। उनके आने से अन्य विश्वविद्यालयों की व्यवस्थाएं बाधित न हों.. इसलिए राज्यपाल ने इन्हें न बुलाने के निर्देश दिए हैं।