बरेली। बिजली चोरी करने वालों की हिम्मत इतनी बढ़ गई है कि अब वह कानूनी कार्रवाई से भी नहीं डरते हैं। कर्मचारी बसूली के लिए बकायेदारों के घर पहुंचते हैं, तो बकायेदार उनसे अभद्रता और मारपीट करते हैं। ऐसे ही मोहल्ला मलूकपुर में बसूली करने पहुंची विभाग की टीम पर बकायेदारों ने हमला कर दिया। विभाग की शिकायत पर थाना किला में हमलावर बकायेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
किला क्षेत्र के मोहल्ला मलूकपुर में शनिवार दोपहर विभाग की एक टीम बसूल करने पहुंची थी। टीम मोहल्ले के जाकिर हुसैन के घर पहुंची थी। टीम के एक सदस्य के मुताबिक जाकिर पर विभाग के 62,300 रुपये बकाया हैं। कई बार नोटिस भेजने के बावजूद उन्होंने बिल का भुगतान नहीं किया। इसके चलते तीन दिवसीय विद्युत बकाया अभियान के दौरान टीम जाकिर के घर पहुंची थी। रुपये न देने पर जाकिर का कनेक्शन काट देने के आदेश थे। लेकिन घर से निकलते ही जाकिर ने टीम के सदस्यों से अभद्रता करना शुरू कर दी। उनके अन्य संबंधी भी सदस्यों से गाली गलौज करने लगे। आरोप है कि विरोध करने पर बकायेदारों ने उन पर हमला कर दिया। वहां मौजूद कुछ लोगों ने भीड़ में जाकिर के पुत्र का भी होना बताया था।