बरेली। बच्चों को ज्ञानवर्द्धक पुस्तकों की उपलब्धता के लिए पिछले साल शासन से जारी हुई अनुदान राशि तो खाते से निकल गई लेकिन स्कूलों में पुस्तकालय नदारद हैं। मामले पर तमाम शिकायतें शासन स्तर तक पहुंची तो बेसिक शिक्षा निदेशक ने पुस्तकालय के लिए जारी अनुदान राशि से खरीदी गई पुस्तकों की जांच के निर्देश दिए हैं। मामले पर बीएसए ने बीइओ को पुस्तकायल संबंधी जांच के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूलों में शासन ने क्रमश: 5 हजार और 10 हजार रुपये पुस्तकालय और इसी क्रम में खेल सामग्री खरीदने के लिए अनुदान राशि स्कूल प्रबंध समिति के खातों में भेजी थी। सूत्रों के मुताबिक खाते से रकम तो निकाल ली गई लेकिन ज्यादातर स्कूलों में पुस्तकालय निर्माण या खेल को बढ़ावा देने के लिए खरीदारी नहीं की गई। अब शासन ने जारी अनुदान राशि का सत्यापन कराने के निर्देश बीएसए को दिए हैं। निर्देश पर बीएसए ने बीइओ को ब्लॉकवार स्कूलों का निरीक्षण कर सत्यापन का आदेश दिया है। साथ ही, लापरवाही या सांठगांठ पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
कहां कौन बीइओ करेगा जांच
राजीव श्रीवास्तव को आलमपुर जाफराबाद, देवेश राय को भोजीपुरा, रमेश चंद्रा को मझगवां, रचना सिंह को बहेड़ी नगर व ग्रामीण, सुरेंद्र सिंह को रामनगर व आंवला, शेर सिंह को भुता, बबिता सिंह को भदपुरा, विवेक शर्मा को फतेहजगंज पश्चिमी, विजय सिंह कुशवाहा को शेरगढ़, भानु शंकर गंगवार को दमखोदा समेत जिला समन्वयकों को निर्धारित ब्लॉकों का सत्यापन करने और 2 अगस्त यानी आज रिपोर्ट कार्यालय में देने के निर्देश दिए हैं।