बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय एवं संबद्ध कॉलेजों में पहले चरण में एडमिशन लेने से चूके अभ्यर्थियों के सोमवार से दोबारा एडमिशन शुरू हुए हैं। 24 जुलाई तक चलने वाली प्रक्रिया के पहले दिन ही सोमवार को करीब दस हजार एडमिशन हुए हैं। वहीं, दोबारा शुरू हुई ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया भी तेजी से चल रही है। दो दिन में करीब 12 हजार से ज्यादा ऑनलाइन पंजीकरण कराए हैं।
विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर पहले चरण में पंजीकरण कराने के बाद एडमिशन से चूके अभ्यर्थियों के लिए विश्वविद्यालय ने कॉलेजों में एडमिशन के लिए दूसरा मौका दिया था। सोमवार से इसके लिए एडमिशन शुरू हो चुके हैं, जो 24 जुलाई तक चलेंगे। विश्वविद्यालय के मुख्य प्रवेश समन्वयक प्रो. एसके पांडेय ने बताया कि पहले दिन ही करीब दस हजार छात्र-छात्राओं ने स्नातक-परास्नातक के विभिन्न पाठ्यक्रम में एडमिशन लिया है। वहीं, विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर दोबारा शुरू हुई ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया ने भी तेजी पकड़ी है। रविवार को करीब ढाई हजार अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था, मगर सोमवार को यह आंकड़ा 12 हजार से ज्यादा हो गया। इनमें से आठ हजार अभ्यर्थियों ने अपनी रजिस्ट्रेशन फीस भी जमा कर दी है।