बरेली। सोमवार को यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की कंपार्टमेंट/इंप्रूवमेंट परीक्षा जीआईसी में संपन्न हुई। शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा संपन्न कराने के लिए शनिवार को विद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त करा दिए गए थे। साथ ही कॉलेज के सभी स्टाफ को कक्ष निरीक्षक और नकलविहीन परीक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
सोमवार की सुबह साढ़े सात बजे से विद्यार्थियों का तांता जीआईसी के बाहर लगना शुरू हो गया था। पंजीकृत 313 विद्यार्थियों में से 270 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। शेष 43 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। सुबह परीक्षा देने पहुंचे विद्यार्थियों की चेकिंग की गई और प्रवेश पत्र जांचने के बाद परीक्षा कक्ष में भेजा गया। सुबह आठ बजे परीक्षा शुरू हुई और 11.15 बजे समाप्त हुई। उप प्रधानाचार्य कुसुमलता ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण और नकलविहीन रही। किसी भी कक्ष में कोई अराजक माहौल नहीं रहा। समय से प्रश्नपत्र बंटे और उत्तर पुस्तिकाएं जमा कराईं गईं।