बरेली। प्रमोशनल मेसेजेज के लिए अपने मोबाइल फोन में ‘डू नॉट डिस्टर्ब’ सर्विस एक्टिवेट करके सोए छात्र-छात्राएं तब जागे जब एडमिशन के लिए काउंसिलिंग के मेसेज उन्हें वक्त निकलने के बाद भी नहीं मिले। कॉलेज में संपर्क किया तो बताया गया कि काउंसिलिंग का मेसेज तो उन्हें काफी पहले ही भेजा जा चुका है। इसके बाद माथापच्ची शुरू हुई तो पता लगा कि ‘डू नॉट डिस्टर्ब’ सर्विस ने उनका काउंसिलिंग का मेसेज भी रिजेक्ट कर दिया और इसी वजह से वे एडमिशन लेने से वंचित रह गए हैं। अब ऐसे तमाम छात्र-छात्राएं कॉलेज के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें अभी तक कोई राहत नहीं मिली है। इस बीच शुक्रवार को स्नातक और परास्नातक में एडमिशन का आंकड़ा 95 हजार तक पहुंच गया।
बरेली कॉलेज में एडमिशन लेने के इच्छुक छात्र-छात्राओं को रुहेलखंड विश्वविद्यालय की वेबसाइट के साथ ही कॉलेज की वेबसाइट पर भी पंजीकरण करना था। इसमें छात्र-छात्राओं को अपना मोबाइल नंबर भी दर्ज करना था, जिस पर उन्हें काउंसलिंग की सूचना दी जानी थी। सभी छात्र-छात्राओं ने ऐसा ही किया। मगर जब एजेंसी ने काउंसलिंग का मेसेज भेजा तो डीएनडी सेवा एक्टिवेट होने के चलते तमाम छात्र-छात्राओं के मोबाइल पर मेसेज ही नहीं पहुंचे। अब यह छात्र-छात्राएं बरेली कॉलेज में चक्कर काट रहे हैं। शुक्रवार को ऐसे हर कुछ विद्यार्थी बरेली कॉलेज में एबीवीपी की हेल्प डेस्क पर पहुंचे और अपनी समस्या बताई। वहां मौजूद एबीवीपी पदाधिकारी राहुल चौहान और गौरव यादव ने इस संबंध में मुख्य प्रवेश समन्वयक डॉ. अनुराग मोहन भटनागर से बात की तो एजेंसी से जांच कराई। इसमें सामने आया कि एजेंसी से उन्हें मेसेज भेजा गया और वह उन तक पहुंच भी गया। मगर डीएनडी एक्टिवेट होने के चलते इनबॉक्स में नहीं दिखा।
वेबसाइट पर रोल नंबर डालकर कुछ जांचें स्टेटस
बरेली कॉलेज के मुख्य प्रवेश समन्वयक डॉ. अनुराग मोहन भटनागर ने बताया कि मेरिट लिस्ट कॉलेज की वेबसाइट पर डाली गई है। ऐसे में छात्र-छात्राएं उसमें अपना रोल नंबर डालकर काउंसलिंग की स्थिति देख सकते हैं।
बीए में तेजी से भर रहीं सीटें
बरेली कॉलेज में बीए में सीटें तेजी से भर रही हैं। शुक्रवार को यहां बीए में 244, बीएससी मैथ्स में 100, बीएससी बायो में 119 और बीकॉम में 119 एडमिशन हुए। वहीं, सेकेंड ईयर और फाइनल ईयर के छात्र-छात्राओं के फॉर्म भी जमा होने का सिलसिला जारी है। इनकी फीस 15 जुलाई के बाद जमा होगी।
विश्वविद्यालय में आज से शुरू होगी बीएलएड की काउंसलिंग
रुहेलखंड विश्वविद्यालय में शुक्रवार को एमएससी मैथ की काउंसलिंग भी पूरी हो गई। दो दिन की काउंसलिंग के दौरान एमएससी मैथ की 2919 सीटों में सिर्फ 465 ही भर सकी हैं। शनिवार को सुबह इंडस्ट्रियल केमिस्ट्री की काउंसलिंग होगी। इसके बाद बीएलएड की काउंसलिंग शुरू की जाएगी। शनिवार 13 जुलाई को 1-300 रैंक वालों को दोपहर 12 बजे से बुलाया गया है। इसके बाद 14 जुलाई को को 301-750, 15 जुलाई को 751-1200 और 16 जुलाई को 1201-1650 रैंक वाले अभ्यर्थियों की काउंसलिंग सुबह 9:30 बजे से होगी। अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के लिए 300 रुपये का बैंक ड्राफ्ट वित्त अधिकारी, महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के नाम बनवाकर ले जाना होगा। साथ ही हाईस्कूल, इंटर की मूल और फोटोस्टेट मार्कशीट भी ले जानी होंगी।