बरेली। स्नातक एवं परास्नातक प्रथम वर्ष में एडमिशन की रफ्तार नहीं बढ़ पा रही है। एक लाख 60 हजार 555 सीटों के सापेक्ष बृहस्पतिवार तक 89 हजार 868 एडमिशन हुए हैं। वहीं, बरेली कॉलेज में बृहस्पतिवार को बीए और बीएससी में भी आरक्षित कोेटे के एडमिशन शुरू कर दिए गए हैं। वीरांगना रानी अवंतीबाई महिला महाविद्यालय ने भी बृहस्पतिवार को स्नातक प्रथम वर्ष के लिए तीसरी मेरिट लिस्ट जारी कर दी है।
आरक्षित कोटे के एडमिशन शुरू होने के बाद बृहस्पतिवार को बरेली कॉलेज में कॉमर्स में 173, बीए में 180, बीएससी बायो में 66 और बीएससी मैथ्स में 48 एडमिशन हुए। वहीं, वीरांगना रानी अवंतीबाई महिला महाविद्यालय ने बृहस्पतिवार को स्नातक प्रथम वर्ष के लिए तीसरी मेरिट लिस्ट जारी कर दी है। सामान्य श्रेणी के लिए बीए में 53, बीएससी गणित में 57.60, बीएससी बायो में 64.80 और अन्य पिछड़ा वर्ग में बीए में 36.40, बीएससी गणित में 49.20, बीएससी बायो में 62 रैंक वाली छात्राओं के एडमिशन 12 और 13 जुलाई को पूर्वाह्न 11 से
दोपहर दो बजे तक होंगे।
एमएससी मैथ्स में एडमिशन प्रक्रिया धीमी
रुहेलखंड विश्वविद्यालय में बृहस्पतिवार से बृहस्पतिवार को एमएससी मैथ्स/एप्लाइड मैथ्स के एडमिशन शुरू हो गए। पहले दिन 400 छात्र-छात्राओं को बुलाया गया था लेकिन उनमें से सिर्फ 256 ने ही कॉलेज लॉक किए। अभी इस पाठ्यक्रम में 2919 सीटें खाली बची हैं।