बरेली। बीएड की काउंसलिंग के बाद खाली बची 31 हजार सीटों पर आज 12 से 14 जुलाई तक निजी कॉलेज स्वयं एडमिशन ले सकेंगे। इसको लेकर रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने दिशानिर्देश जारी कर दिए हैं।
बीएड की राज्य स्तरीय प्रवेश परीक्षा के बाद तीन चरणों की काउंसलिंग पूरी हो चुकी है। इसके बाद 31 हजार सीटें खाली बची हैं। इन पर 12, 13 और 14 जुलाई को स्ववित्तपोषित कॉलेज सीधे एडमिशन ले सकेंगे। मगर इसके लिए भी कुछ शर्तें लगाई गई हैं। सीधे प्रवेश उन्हीं अभ्यर्थियों का हो सकेगा, जिन्होंने रैंक प्राप्त की है और काउंसलिंग के किसी भी राउंड में हिस्सा नहीं लिया है। इसके अलावा जिन अभ्यर्थियों ने काउंसलिंग में हिस्सा लिया लेकिन कॉलेज नहीं मिल सका या फिर कॉलेज मिला लेकिन किसी कारण से फीस नहीं जमा कर पाने वाले अभ्यर्थियों को मौका दिया जाएगा। फीस जमा करने के बाद या शून्य फीस पर एडमिशन पाने वाले अभ्यर्थियों को कॉलेज बदलने का कोई मौका नहीं मिलेगा। कॉलेजों को उनके यहां खाली सीटों की जानकारी और एडमिशन का लॉगिन उपलब्ध करा दिया गया है। पूरी प्रक्रिया की निगरानी विश्वविद्यालय करेगा।
डाउनलोड करें आवंटन पत्र, जमा करें फीस
पहली और दूसरी काउंसलिंग के कुछ अभ्यर्थी कॉलेज आवंटनपत्र डाउनलोड करने से चूक गए हैं। ये अभ्यर्थी शुक्रवार रात 12 बजे तक अपने कॉलेज आवंटनपत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा सरकारी कॉलेज पाने वाले जिन अभ्यर्थियों की कुछ फीस बकाया रह गई है, वे भी शुक्रवार रात 12 बजे तक फीस जमा कर अपने कॉलेज आवंटनपत्र डाउनलोड कर सकते हैं।