एफएसडीए टीम ने मिलावट खोरी के खिलाफ छापामारी जारी रखते हुए शनिवार को निर्मल धारा, दो कलियां, चंदन ब्रांड इडेबल ऑयल के साथ ही पनीर और मिर्च पाउडर के सैंपल भरे हैं। खबर फैलते ही व्यापारी प्रतिष्ठान बंद कर इधर उधर खिसक लिए।
शनिवार दोपहर में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ममता कुमारी छापा टीम लेकर माधोबाड़ी स्थित नरकुलागंज पहुंची। यहां पर टीम ने ब्लेंडेड इडेबल वेजीटेबिल ऑयल दो कलियां और ब्लेंडेड इडेबल वेजीटेबिल ऑयल चंदन ब्रांड के नमूने लिए। इसी बीच नमूने भरने की जानकारी बाजार में फैल गयी। माधोबाड़ी, गंगापुर और आसपास इलाकों में इडेबल ऑयल कारोबार करने वाले व्यापारी इधर उधर हो गए। इसके बाद टीम सुभाष नगर रवाना हो गयी और व्यापारिक गतिविधियां सामान्य हो गयी। इन दिनों दूध और पनीर में मिलावट की शिकायतें ज्यादा हो रहीं हैं। टीम ने वाजपेयी स्वीट हाउस से पनीर नमूना भरा। इसी बाजार में राज प्रोविजन स्टोर से मिर्च पाउडर का नमूना लिया।