खोदाई करके सड़क पर ही छोड़ दिए हैं मिट्टी के ढेर
बरेली। किला रोड पर सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदाई करने के बाद मिट्टी के ढेर सड़क पर ही छोड़ दिए गए हैं जिसकी वजह से न भीषण जाम लग रहा है बल्कि धूल के गुबार भी लोगों को परेशान कर रहे हैं। एक सप्ताह से लगातार खोदाई के बाद भी जल निगम ने मिट्टी के ढेर नहीं हटाए हैं।
सीवर लाइन के लिए की मनमाने ढंग से खोदाई करने की वजह से पूरा शहर करीब दो साल से त्रस्त है। लोगों की सहूलियत के बजाय जल निगम के ठेकेदार अपनी सहूलियत से काम कर रहे हैं, प्रशासन के अफसर भी इस मनमानी को नजरअंदाज कर रहे हैं। किला रोड पर सप्ताह भर से खोदाई चल रही है लेकिन मिट्टी के ढेर सड़कों पर ही इकट्ठे किए जा रहे हैं। इस वजह से न सिर्फ यातायात बाधित हो रहा है बल्कि पूरी सड़क पर राहगीरों को धूल फांकनी पड़ रही है।
उधर, सिटी स्टेशन रोड की एक लेन पर काफी हद तक काम हो चुका है लेकिन फिर भी यहां सड़क का निर्माण नहीं किया गया है। इसकी वजह से भी जाम लग रहा है। हाल ही में अलखनाथ मंदिर के आगे चौधरी तालाब के पास भी खोदाई शुरू की गई है जहां ट्रैफिक डायवर्जन कर दिया गया है। यहां काम पूरा करने के लिए जल निगम ने 22 दिन का समय तय किया है लेकिन काम की रफ्तार इस कदर सुस्त है कि दो महीने से पहले उसके पूरा होने की संभावना नजर नहीं आ रही है। जल निगम अधिशासी अभियंता संजय सिंह ने बताया कि काम लगातार हो रहा है। सिटी स्टेशन के सामने जल्द मिट्टी के ढेर हटवाकर वहां सड़क निर्माण शुरू कराया जाएगा। ईसाईयों की पुलिया वाली रोड भी इसी सप्ताह के अंत तक बन जाएगी।