बरेली। बैठक के दौरान मीटिंग हाल में अचानक एक फरियादी के घुसकर हंगामा करने से राजस्व परिषद अध्यक्ष एके गुप्ता अवाक रह गए। फरियादी राम प्रकाश यादव को मौजूद स्टाफ और गनर ने वहां से निकाला तो वह अध्यक्ष की मेज के सामने ही अपना शिकायत पत्र फेंककर चला गया।
फरीदपुर निवासी एक हाथ से विकलांग राम प्रकाश का आरोप है कि उसकी जमीन दबंगों ने कब्जा ली है लेकिन उसको मुक्त नहीं कराया जा रहा है। तीन बार तहसील दिवस से लेकर डीएम और कमिश्नर के यहां तक शिकायत की थी लेकिन न्याय नहीं मिला। सोमवार को मीटिंग के दौरान उसे प्रवेश नहीं करने दिया गया तो जबरन घुस गया और चीख-चीख कर फरियाद करने लगा। उसी दौरान वहां मौजूद अधिकारियों ने गनर सक्षा कक्ष से बाहर ले गए।
इसी तरह शहर की रहने वाली विंदेश्वरी सक्सेना भी मीटिंग के बाद गेट पर चलते समय अध्यक्ष से मिली और अपनी शिकायत पेश की। जिसमें आरोप लगाया है कि उसकी जमीन को फर्जी तरीके से अरबन सीलिंग में दिखाकर बाबू ने 30 हजार रुपये ले लिए। अब दो लाख रुपये इस जमीन को मुक्त कराने के नाम पर मांगे जा रहे हैं। इस शिकायत को अध्यक्ष ने गंभीरता से लिया और डीएम को जांच के आदेश कर दिए हैं।