बरेली के भुता थाना क्षेत्र में हत्या की सनसनीखेज वारदात हुई है। शराबी युवक ने बुधवार रात अपनी गर्भवती पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
बरेली के भुता थाना क्षेत्र के गांव मगरासा में बुधवार रात शराब के नशे में धुत युवक ने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, उससे पहले ही आरोपी भाग निकला। पुलिस हत्यारोपी पति की तलाश में जुटी है।
विज्ञापन
भुता थाना के प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार के मुताबिक लोगों से पूछताछ में पता लगा है कि सोमपाल नाम का युवक शराब का लती है। वह अक्सर नशा करके अपनी पत्नी से गालीगलौज और पिटाई करता था। बुधवार रात वह शराब पीकर घर आया और फिर अपनी गर्भवती पत्नी 25 वर्षीय सुमन से गालीगलौज करने लगा।
सुमन ने विरोध किया तो सोमपाल ने उसको लाठी से बुरी तरह पीटा। चीखपुकार पर भी कोई सुमन को बचाने नहीं आया। दिव्यांग सास कमलेश्वरी अपनी बहू को बचाने पहुंचीं तो सोमपाल ने उन्हें शौचालय में बंद कर दिया। इस बीच सुमन की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी घर से चला गया।
बृहस्पतिवार सुबह पड़ोसी ने पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया। घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए।