अगर ड्राइविंग लाइसेंस चाहिए तो प्रथम श्रेणी में परीक्षा पास करनी होगी। कंप्यूटराइज्ड टेस्ट शुरू होते ही डीएल के लिए आवेदन करने वालों के पसीने छूट रहे हैं। कंप्यूटर की स्क्रीन पर सवालों के जवाब न देने पर एक सप्ताह के लिए उनका आवेदन कैंसिल हो रहा है। दो दिन में 200 से अधिक लोग फेल हो चुके हैं।
आरटीओ कार्यालय में सोमवार से ऑनलाइन आवेदन और कंप्यूटराइज्ड टेस्ट की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आनलाइन आवेदन तो कम आए हैं, लेकिन मैनुअली फार्म ज्यादा जमा हुए हैं। सोमवार को भी कंप्यूटराइज्ड टेस्ट के दौरान 50 से अधिक अभ्यर्थी फेल हुए। इनको एक सप्ताह बाद बुलाया गया है। मंगलवार को भी 150 से अधिक अभ्यर्थी फेल हुए।
15 प्रश्नों में नौ का जवाब होना चाहिए सही
कंप्यूटर पर 15 प्रश्न पूछे जा रहे हैं। इनमें नौ प्रश्नों के सही जवाब न देने पर आपको कंप्यूटर असफल बताएगा। इसलिए 60 फीसदी अंक लाना जरूरी है। प्रश्न के तीन विकल्प दिए जाएंगे। इनमें एक सही है।
कंप्यूटराइज्ड टेस्ट में तमाम लोग फेल हो रहे हैं। इससे पता चल रहा है कि लोगों को ट्रैफि क के बारे में जानकारी नहीं है। अब तक दो सौ से अधिक लोग फेल हो चुके हैं।
- वीके चौधरी, आरआई