नगर पंचायत गेट और रोड़ पर भरा पानी
मीरगंज। लगातार हो रही बारिश ने शीशगढ़ नगर पंचायत की पोल खोल दी है। बृहस्पतिवार को कस्बे में जगह-जगह गलियों में पानी भर गया। इस पर लोगों ने कस्बे की पानी निकासी व्यवस्था व साफ-सफाई व्यवस्था पर प्रश्न चिह्न लगाया।
लोगों ने बताया कि नगर पंचायत शीशगढ़ में सफाई व्यवस्था के नाम पर खानापूर्ति हो रही है। पहले भी बारिश होने पर कमियां उजागर हुई है। अब लगातार हो रही बारिश ने फिर से नगर पंचायत की पोल खोल दी है। बारिश होने से कस्बे में जगह-जगह जलभराव रहा। नगर पंचायत कार्यालय के अंदर भी पानी भर गया। इससे आने-जाने वालों को काफी परेशानी हुई। कई दुकानदारों की दुकानों में पानी घुसने से नुकसान भी हुआ है। संवाद
ये रोड चलने लायक नहीं, लोगों का फूटा गुस्सा
स्थानीय लोगों ने चेयरमैन पर कस्बे की सफाई व्यवस्था पर ध्यान न देने का आरोप लगाया है। लोगो ने बताया कि पूरे कस्बे में जगह-जगह रोड टूटा पड़ा है, जहां गहरे-गहरे गड्ढे हो चुके हैं। कस्बे की मेन सड़क, जो बरेली बस स्टैंड से लेकर बिलासपुर अड्डे तक है , जो पूरी गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। इसमें निकलने वाले राहगीर एवं स्कूली बच्चे आए दिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
-
नगर पंचायत ने पीडब्ल्यूडी को ठहराया जिम्मेदार
नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी दुर्गेश कुमार ने बताया कि पानी निकास के लिए पीडब्ल्यूडी की लापरवाही से पुलिया बंद निकली है, जिसको खोदा जा रहा है। पुलिया साफ होने पर पानी का निकास खुल जाएगा l