फरीदपुर। ग्राम कुइयां उगनपुर में स्वीकृति के चार माह बाद भी नाले का निर्माण नहीं हो पाया। इस तरह अटके अन्य विकास कार्यों को भी शुरू नहीं कराया जा सका है। इसको लेकर भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक ने रोष प्रकट करते हुए एसडीएम फरीदपुर को ज्ञापन सौंपा है।
किसानों का कहना है कि इन समस्याओं व अटके विकास कार्यों को शुरू कराने के लिए पिछले माह ज्ञापन दिया था, लेकिन कोई भी प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी। ग्राम कुइयां उगनपुर में ग्राम पंचायत सचिवालय से नाला निर्माण कराने का कार्य चार माह से मंजूर होने के बावजूद भी अभी तक नहीं कराया गया है। मलूकापुर गांव के सोनपाल के मकान के आगे दीवार खड़ी कर रास्ता बंद कर दिया गया। उसे हटाने की मांग की गई। नगला जसी के सचिवालय में कंप्यूटर सिस्टम नहीं लगाया गया है और न ही पंचायत सहायक बैठते हैं। इस तरह किसानों ने अनेक मुद्दों को उठाया और चेतावनी दी कि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को विवश होंगे। संवाद