पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का निधन
- फोटो : अमर उजाला
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह वर्ष 2009 में बरेली शहर आए थे। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव चौधरी असलम मियां ने बताया कि वर्ष 2009 में लोकसभा चुनाव के दौरान उनको रुद्रपुर जाना था। तब वह त्रिशूल एयरबेस पर रुके थे। यहां से उन्होंने चेंजओवर किया था। उस वक्त पूर्व मंत्री प्रवीण सिंह ऐरन, तत्कालीन महापौर सुप्रिया ऐरन, तत्कालीन जिलाध्यक्ष राजीव शर्मा, महानगर अध्यक्ष अब्दुल नईम सिद्दीकी, प्रेम प्रकाश अग्रवाल, डॉ. नीतू शर्मा उनका स्वागत करने पहुंचे थे। कुछ पार्टी संबंधी चर्चा के बाद वह वहां से रवाना हो गए थे।
इसके बाद पूर्व प्रधानमंत्री वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में पीलीभीत में कांग्रेस प्रत्याशी संजय कपूर के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने आए थे। डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर बरेली मंडल के कांग्रेसियों ने दुख व्यक्त किया है। पूर्व प्रदेश प्रवक्ता डॉ. केबी त्रिपाठी ने उनको महान अर्थशास्त्री बताया। उनके निधन से देश को अपूरणीय क्षति हुई है। कांग्रेस नेता कासिम कश्मीरी ने कहा कि देश के किसान डॉ. मनमोहन को कर्जमाफी के लिए हमेशा याद रखेंगे।