बहेड़ी। डॉक्टर को दिखाने आए मरीज के पर्चे चैक करतीं एसडीएम।
- फोटो : reasi
बहेड़ी। एसडीएम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का मंगलवार को औचक निरीक्षण किया तो डॉक्टर निजी मेडिकल स्टोरों के पर्चे पर दवाई लिखते हुए मिले। इसके अलावा जगह-जगह गंदगी तो पुरुष वार्ड में पांच माह से ड्यूटी रजिस्टर पर किसी भी डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मी के हस्ताक्षर नहीं मिले। एसडीएम ने नाराजगी जताते हुए तुरंत व्यवस्थाओं में सुधार लाने के लिए निर्देश दिए हैं। इस निरीक्षण की जांच रिपोर्ट बनाकर डीएम को भेजी गई है।
एसडीएम रत्निका श्रीवास्तव ने राजस्व विभाग की टीम व तहसीलदार के साथ मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे सीएमसी का औचक निरीक्षण किया। परिसर में चारों ओर गंदगी का आलम था। पुरुष वार्ड में गंदे बेडशीट मिले। शौचालय में गंदगी थी।पीने के पानी की टोटियों के आसपास गंदगी मिली। इसके बाद एसडीएम ने डाॅक्टरों के चैंबरों में जाकर देखा तो कई डाॅक्टर मरीजों को बाहर से दवाइयां लाने के लिए निजी मेडिकल स्टोरों के पर्चे पर दवाइयां लिख रहे थे।
सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी
एसडीएम ने सीएचसी प्रभारी से नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यह एकदम गलत है। दोबारा इस तरह की हरकत मिली तो वह डाक्टर सहित उनके खिलाफ सख्त एक्शन लेंगी। पुरुष जनरल वार्ड में तैनात डाक्टर 30 सितंबर 2024 से ड्यूटी से गैरहाजिर मिले। रजिस्टर पर उनके हस्ताक्षर नहीं मिले। महिलाओं के टीकाकरण से संबंधित एक पोर्टल पर सूचना नहीं मिली। एसडीएम ने सीएचसी प्रभारी डाॅ. अमित कुमार को सात दिन के अंदर व्यवस्थाओं को ठीक करने को कहा। एसडीएम ने खामियों की एक रिपोर्ट डीएम को भी भेज दी है। संवाद