मीरगंज/दुनका। मोहल्ला शिवपुर में एक दुकान पर ग्रामीण सोमवार की रात पकौड़ी खरीदने गया, लेकिन वहां पर हुए विवाद के बाद घर नहीं लौटा। मंगलवार दोपहर ढाई बजे उसका कटा पड़ा शव नगरिया सादात रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक से बरामद हुआ है। 14 घंटे बाद मिले शव को देखकर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
मृतक की बेटी मीरा ने बताया कि उसके 58 वर्षीय पिता तुलाराम, गांव नगरिया सादात और उसके पति संजय सिंह उर्फ हैप्पी सोमवार की रात बाइक से मीरगंज में दुकानदार भीमसेन मोहल्ला शिवपुरी की दुकान पर पकौड़ी खरीदने के लिए आए थे। रात में ही उसके पिता और पति के साथ दुकानदार की किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। तभी दुकानदार ने उनकी बाइक छीन ली। पति का मोबाइल लेकर धमकाकर पासवर्ड पूछकर उसने 4555 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। उसके बाद पिता और पति के साथ गाली-गलौज कर वहां से भगा दिया। इसके बाद उसके पति घर पहुंच गए, लेकिन पिता तुलाराम पूरी रात घर नहीं पहुंचे।
उसके पति संजय सुबह दुकानदार के पास पहुंचकर जानकारी करने लगे तो उसने गाली-गलौज कर धमकी दी। इसके बाद पति वहां खड़ी अपनी बाइक ले आया। खोजने पर जब पिता की कोई जानकारी नहीं हुई तो थाने में लापता होने की तहरीर दी। पुलिस ने खोजबीन शुरू की तो दोपहर में करीब ढाई बजे उसके पिता का शव नगरिया सादात रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर कटा मिला। पिता का शव मिलने पर उसकी मां धनदेवी रोने-बिलखने लगी। संवाद
14 घंटे बाद पुलिस ने बरामद किया शवमीरा देवी ने बताया कि उसके पिता की सोमवार की रात 12.33 बजे मौत हो गई थी। स्टेशन मास्टर ने मेमो भेजकर मीरगंज पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। तहरीर देने के बाद दोपहर ढाई बजे पिता का शव बरामद किया गया। उसका इकलौता भाई धर्मेन्द्र है, जो राजस्थान में रहकर नौकरी करता है।
ग्रामीण की मौत ट्रेन से कटकर हुई है, लेकिन परिवार के लोग हत्या का आरोप लगा रहे हैं। मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- प्रयागराज सिंह, थानाध्यक्ष