स्नातक में प्रवेश लेने से पहले विषयों के चयन पर दे विशेष ध्यान
बरेली। यूपी बोर्ड, आईसीएसई, सीबीएसई के परीक्षा परिणाम जारी हो चुके हैं। जिन छात्र-छात्राओं के अंक कम आए हैं, उनको परेशान होने या घबराने की जरूरत नहीं है। कम अंक आने से कॅरिअर खत्म नहीं होता है। विशेषज्ञों के अनुसार, अब भी कई विकल्प खुले हैं, जिसे अपनाकर आप बेहतर मुकाम हासिल कर सकते हैं। इसके लिए स्नातक में प्रवेश लेते समय विषयों के चयन पर ध्यान देने की जरूरत है। अगर यहां पर सही रास्ते का चयन करते हैं, तो आसानी से अपनी मंजिल को पा सकते हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक, छात्र-छात्राओं के कम आने का मतलब यह नहीं है कि उनमें योग्यता की कमी है। कई बार परिस्थितियां भी इसके लिए जिम्मेदार होती हैं। कम अंक पाने वाले छात्र-छात्राएं अपनी मेहनत के दम पर अच्छे पदों पर पहुंचे हैं। देश में कई प्रतिष्ठित सेवाओं के लिए 12वीं की परीक्षा के अंक बाधक नहीं होते हैं। आप उनकी तैयार कर सकते हैं। संवाद
ये हैं विकल्प
कम अंक पाने वाले विद्यार्थी स्नातक के बाद यूपीएससी और यूपीपीएससी की तैयारी कर प्रतिष्ठित सरकारी सेवाओं में जा सकते हैं। इसके लिए सही राह चुनें। साथ ही, सीयूईटी के माध्यम से देश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में प्रवेश ले सकते हैं। कम अंक वाले छात्र-छात्राएं सिविल सेवा, कर्मचारी चयन आयोग, एनडीए, सीडीएस आदि परीक्षाओं की तैयारी कर सकते हैं। - त्रिभुवन सिंह, सहायक निदेशक, सेवायोजन