दीप पर्व पर बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। रामपुर गार्डन, डीडीपुरम और राजेंद्रनगर जैसे पॉश इलाकों में लोगों ने जमकर आतिशबाजी की। मॉडल टाउन स्थित हरि मंदिर, श्री बांके बिहारी मंदिर, रामायण मंदिर और प्रेमनगर के प्रसिद्ध त्रिवटीनाथ मंदिर सहित शहर के सभी छोटे-बड़े मंदिरों में विशेष पूजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने पहुंचकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
व्यापारिक दृष्टिकोण से भी यह पर्व खास रहा। सीबीगंज, परसाखेड़ा, रजऊ, फरीदपुर, भोजीपुरा समेत अन्य सभी औद्योगिक क्षेत्रों और बाजारों में फैक्टरियों व दुकानों पर मां लक्ष्मी का पूजन किया गया। व्यापारियों ने शुभ मुहूर्त में अपनी दुकानों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर विधि-विधान से पूजन करने के साथ-साथ नए बही-खातों की भी पूजा-अर्चना की। पूजन के बाद लोगों ने एक-दूसरे के घरों पर जाकर दिवाली की बधाइयां दीं और मुंह मीठा कराया।