बरेली के सुभाषनगर क्षेत्र में रामगंगा नदी में डूबे बिहार निवासी इलेक्ट्रिक कंपनी के इंजीनियर राहुल कुमार सिंह का शव रविवार को बरामद हुआ। भमोरा और सुभाषनगर पुलिस की मदद से गांव टांडा गंगाजी के पास नदी से शव बाहर निकाला गया। पहचान होने के बाद पुलिस ने परिवार को सूचना दी। पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे परिजनों का शव देखकर रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
दो महीने पहले नौकरी के काम से आए थे बरेली
बिहार के ईश्वरपुर थाना क्षेत्र के गांव सोमभा निवासी राहुल कुमार सिंह के भाई ऋतुराज कुमार सिंह ने पोस्टमार्टम हाउस पर बताया कि उनके भाई पिछले दो महीने से घर से काम के सिलसिले निकले थे। वह एक इलेक्ट्रिक कंपनी में इंजीनियर के पद पर तैनात थे। कंपनी ने उन्हें बिहार से बरेली भेजा था।
रामगंगा में डूबने की मिली थी सूचना
ऋतुराज के मुताबिक, शनिवार शाम सुभाषनगर पुलिस को एक युवक के रामगंगा में डूबने की सूचना मिली थी। इसके बाद सुभाषनगर और भमोरा पुलिस ने तलाश शुरू की। रविवार को गांव टांडा गंगाजी के पास नदी से राहुल का शव बाहर निकाला गया। पहचान होने पर परिवार को सूचना दी गई। खबर मिलते ही परिजन बरेली पहुंचे।