बरेली। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से शैक्षिक सत्र 2025-26 में आयोजित होने वाली परिषदीय विद्यालयों की जनपद स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन अब जनवरी के अंतिम सप्ताह में किया जाएगा। विभाग ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए विद्यालय, संकुल और ब्लॉक स्तर की खेलकूद प्रतियोगिताएं पहले ही सफलतापूर्वक संपन्न हो चुकी हैं। इन प्रतियोगिताओं में चयनित खिलाड़ी अब जनपद स्तर पर अपने-अपने खेलों में प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
पहले नवंबर के अंतिम सप्ताह में इन प्रतियोगिताओं का आयोजन होना था, लेकिन तब शिक्षक एसआईआर के कार्य में व्यस्त थे। इसके बाद 18 और 19 दिसंबर की तिथियां निर्धारित की गई थीं। हालांकि, इन दोनों दिनों में स्टेडियम में अन्य खेल आयोजनों के चलते परिषदीय विद्यालयों की जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं नहीं हो सकीं।
बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता ने बताया कि विभाग की ओर से स्टेडियम प्रशासन को नई तिथियों के लिए पत्राचार किया गया था। अब स्टेडियम प्रशासन ने 26 जनवरी के बाद की तिथियां उपलब्ध कराई हैं। संवाद