बरेली। लखनऊ की तर्ज पर पशुओं के शव का निस्तारण किया जाएगा। इसकेे लिए पीपीपी मॉडल पर मशीन लगाई जाएगी। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई एनकैप की बैठक में यह फैसला लिया गया है। इसके अलावा कान्हा गोशाला व बायो डायवर्सिटी पार्क के निर्माण पर भी मंथन किया गया।
बैठक में पशुओं के शव के निस्तारण की बात उठी तो जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने लखनऊ की व्यवस्था के बारे में पता कर उसी तर्ज पर यहां भी पशुओं के शव निस्तारित करने का निर्देश दिया। बड़ी कान्हा गोशाला बनाने के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करने और नवाबगंज में उपलब्ध भूमि का उपयोग करने का सुझाव भी दिया गया।
नगर आयुक्त ने कहा कि रक्षा विभाग की जमीन पर गोशाला बनाने के लिए बात चल रही है। इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी के पास बायो डायवर्सिटी पार्क, सीसी रोड व साइड पटरी का निर्माण कराए जाने पर चर्चा हुई। बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, डीएफओ दीक्षा भंडारी, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता समेत अन्य लोग मौजूद रहे। संवाद