बरेली के किसी भी बच्चे को नहीं मिल पाया सवाल पूछने का मौका
बरेली। ‘परीक्षा पर चर्चा’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बच्चों को तनावमुक्त रहने और बगैर घबराए परीक्षा में शामिल होने का मंत्र दिया। शहर के कई स्कूलों में इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण हुआ जिसमें सैकड़ों विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। बरेली के किसी बच्चे को प्रधानमंत्री से सवाल पूछने का तो मौका नहीं मिला लेकिन उनके संबोधन के बाद वे उत्साहित नजर आए।
जिन स्कूलों में ‘परीक्षा पर चर्चा’ का प्रसारण हुआ, उनमें इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय आईवीआरआई, विद्या भवन पब्लिक स्कूल, सोबतीस पब्लिक स्कूल आदि शामिल थे। इन स्कूलों में पहले से ही प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का प्रसारण करने की तैयारी की गई थी और बच्चों को खासतौर पर स्कूल आने को कहा गया था। बच्चों ने उत्साह के साथ प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। पीएम ने बच्चों को तनाव कम करने के लिए कई मंत्र दिए। अभिभावकों से भी कहा कि अपने सपनों का बोझ बच्चों पर न लादें। दो वर्ष के बाद आफ लाइन परीक्षा देने जा रहे 10वीं और 12वीं के विद्यार्थी काफ ी तनाव में हैं। इसलिए तनाव कम करने में उनकी मदद करें।
पीएम ने नया जोश जगाया
प्रधानमंत्री ने कहा कि परीक्षाओं से घबराना नहीं है। तनावमुक्त रहकर परीक्षा में बैठेंगे तो नंबर अच्छे आएंगे। उन्हाेंने कहा कि किसी भी परीक्षा में खुद को जानना बहुत जरूरी है। -तनिश सिंह, इंटरमीडिएट
पीएम ने कहा कि हमें जो बातें प्रेरित करती है, हमें सिर्फ उन्हें ही सुनना है। जो हमें निराश करे और तनाव की ओर ले आए, ऐसी बातों की ओर बिल्कुल भी ध्यान नहीं देना है। -अमित सिंह, इंटरमीडिएट
पीएम ने कहा कि हमें खुद का विश्लेषण भी करना चाहिए। हमें हमारी शक्ति और कमजोरी दोनों को ही बारीकी से जानना चाहिए और फिर अपनी क्षमता का आकलन करके आगे बढ़ना चाहिए। -तान्या, हाईस्कूल
सबसे महत्वपूर्ण प्रधानमंत्री ने यह कहा कि परीक्षाओं को त्योहारों की तरह लें। इसमें त्योहारों की तरह रंग भर दें तो देखना कि परीक्षा का मजा दोगुना हो जाएगा। फिर पूरे उत्साह से आगे बढ़िए। - उर्वशी, हाईस्कूल
बहुत अच्छा कार्यक्रम रहा। यह हम विद्यार्थियों में उत्साह भर देने वाला था। पीएम ने परीक्षाओं की तैयारी को लेकर हम सभी में एक नए जोश का संचार कर दिया। - शरीन अंसारी, नौंवी
पीएम का संबोधन उत्साह से भर देने वाला रहा। कई परीक्षार्थी तनाव में है तो उन्होंने कहा कि परीक्षाओं का आनंद उठाओ तनाव लेने की आवश्यकता नहीं है। - अलीफा नूर, नौंवी
द्रोपदी कन्या कॉलेज में प्रधानाचार्य ने दिए छात्राओं के सवालों के जवाब
बरेली। द्रोपदी कन्या इंटर कॉलेज मेें भी शुक्रवार को प्रधानमंत्री के ‘परीक्षा पर चर्चा’ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण हुआ। छात्राओं ने उनके संबोधन को ध्यान से सुना। कार्यक्रम के प्रधानाचार्या डॉ. रामश्री ने छात्राओं से संवाद कर उनके सवालों के जवाब दिए।
प्रधानमंत्री ने बताया बिना खेले कोई खिल और खुल नहीं सकता। खेल बच्चों को प्रतिस्पर्धा को समझने का मौका देता है। उन्होंने यह भी कहा कि सदी के अनुसार नहीं चले तो पिछड़ जाएंगे। - वैष्णवी मिश्रा, छात्रा
परीक्षा के दौरान मन को स्थिर रखने और गहरी सांस लेने से याद की गई चीजें साफ-साफ याद आ जाती हैं। हमें पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। इसके साथ खेलों पर भी ध्यान देना चाहिए। - भावना कठेरिया, छात्रा
हमने सीखा की परीक्षा में बिना डरे तनावमुक्त होकर जाना चाहिए। पीएम ने यह भी कहा कि परीक्षा को त्योहार की तरह मनाना चाहिए। यह हमारे जीवन का अहम हिस्सा है, हमें खुद को परखने का अवसर देती है। -शाहनूर, छात्रा
मोदी जी ने बताया कि प्रतियोगिताएं जीवन की सौगात हैं। आगे बढ़ने की प्रेरणा और साहस उन्हीं से मिलता है। परीक्षाएं चाहे सफलता दें या असफलता, दोनों ही स्वयं को बेहतर करने के अवसर हैं। - निकिता, छात्रा