बरेली। त्योहार और अवकाश के बाद सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में इलाज के लिए करीब ढाई हजार मरीज पहुंचे। वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांग काउंटर बंद होने से डिजिटल और मैन्युअल पर्चा काउंटर पर कतार लगी रही।
पर्चा बनवाने के लिए दो बुजुर्ग आपस में भिड़ गए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। दोपहर करीब 12 बजे पर्चा काउंटर संख्या दो पर एक बुजुर्ग कतार में लगे थे, तभी पीछे से दूसरा बुजुर्ग आगे निकलकर पर्चा बनवाने लगे। तभी पहले से कतार में खड़े बुजुर्ग ने रोका तो दूसरे ने अनसुना कर दिया।
तेज आवाज से आपत्ति जताई तो आगे निकला बुजुर्ग अभद्रता करते हुए वापस लौटने लगा। जिस पर कतार में खड़े बुजुर्ग का पारा चढ़ा और एक दूसरे को गालियां देने लगे। धक्कामुक्की शुरू हुई और हाथापाई से पहले कतार में मौजूद अन्य लोगों ने समझाकर शांत कराया। पर्चा बनवाकर इलाज के लिए भेजा।
अस्पताल में भीड़भाड़ के चलते वाहनों की कतार ओपीडी के बाहर लगी रही। सुरक्षाकर्मियों द्वारा वाहन स्टैंड में लगाने का सुझाव देने पर भी एक तीमारदार की नाेकझोंक हुई। जांच के लिए पैथोलॉजी के बाहर खड़े मरीज और दवा काउंटर पर भी कतार में लगे लोगों में नोकझोंक होती रही। ब्यूरो