डीआईजी ने की मिशन शक्ति केंद्रों की समीक्षा, आंवला पुलिस परामर्श केंद्र में आज होगा समारोह
बरेली। मिशन शक्ति फेज पांच में संवेदनशीलता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश देते हुए डीआईजी अजय साहनी ने रेंज के चारों जिलों के मिशन शक्ति केंद्रों की समीक्षा की। उन्होंने आंवला के परामर्श केंद्र से सबक लेने का भी संदेश दिया जिसने दांपत्य रिश्तों में खटास की वजह से सौ टूटे परिवारों को मिलाने का काम किया है।
डीआईजी ने कहा कि डीजीपी की प्राथमिकता के दस बिंदुओं में मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत मिशन शक्ति केंद्रों का प्रभावी क्रियान्वयन शामिल है। डीआईजी ने मिशन शक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सीओ एवं थाना स्तर पर संचालित मिशन शक्ति केंद्रों द्वारा संपादित किए जा रहे कार्यों, शिकायतों की संख्या, उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण तथा अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव का परीक्षण किया गया।
डीआईजी नेे बताया कि कोतवाली आंवला में मिशन शक्ति फेस पांच के तहत बुधवार को विशेष कार्यक्रम प्रस्तावित है। यह कार्यक्रम समझौते, संवाद और संवेदना का प्रतीक होगा। आंवला सर्किल के लगभग 100 पारिवारिक विवादों को परिवार परामर्श केंद्र और मिशन शक्ति टीम ने दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित कर सुलझाया है। कार्यक्रम के दौरान ऐसे परिवारों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अहंकार को छोड़कर संवाद को अपनाया। हिंसा को त्यागकर समझ को चुना और न्यायालय की लंबी प्रक्रिया के बजाय शांति का मार्ग चुना। ब्यूरो