तांबे के साथ स्टेनलेस स्टील, नॉन स्टिक बर्तन का भी स्टॉक
क्रॉकरी कारोबारी प्रेम प्रकाश अग्रवाल के मुताबिक इस बार बाजार में स्टेनलेस स्टील, तांबे की नई डिजाइन के नॉन स्टिक बर्तनों का स्टॉक है। इसकी हर तरह की रेंज, डिजाइन उपलब्ध है। फूल के बर्तन भी मौजूद हैं। रेफ्रिजरेटर, वाशिंग मशीन, मिक्सी, हॉट केस, पानी गर्म रखने की बोतल, डिनर सेट जैसे होम एप्लांयसेज की भी अच्छी रेंज मार्केट में है। जीएसटी में कमी के अलावा ऑफर्स भी हैं।
शनिवार को भी होगी बुकिंग, ज्यादातर डिलीवरी दिवाली पर
वाहन कारोबारी सचिन भसीन के मुताबिक इस बार धनतेरस शनिवार को है। मान्यतानुसार कई लोग लोहा घर नहीं ले जाते। ऐसे में उन्होंने वाहन तो बुक किए हैं, लेकिन डिलीवरी दिवाली पर लेंगे। इन्होंने पंच दीपोत्सव पर्व के दौरान करीब पांच सौ कार और दो हजार बाइक बिक्री का अनुमान जताया है। बताया कि जीएसटी की दर कम होने से भी कारोबार में तेजी रहेगी। शुक्रवार को बाइक, कार शोरूम पर बुकिंग का दौर जारी रहा।
ई-कॉमर्स में मेक इन इंडिया उत्पादों की बढ़ी बुकिंग
ई-कॉमर्स बरेली जोन के डीलर शुभम अग्रवाल के मुताबिक त्योहारी सीजन में क्विक, ब्लिंकइट और जेप्टो प्लेटफॉर्म पर किराना उत्पाद की बुकिंग बढ़ी हैं। इसमें घी, तेल, बेसन, सूजी, सफाई और होम केयर प्रोडक्टस, इलेक्ट्रिक दीये, मोमबत्ती, जूस, सॉफ्ट ड्रिंक्स आदि शामिल हैं। बताया कि ऑर्डर में करीब 65 फीसदी मेक इन इंडिया प्रोडक्ट्स हैं। इस कारण कारोबारियों को इस बार अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
गेंदा डेढ़ सौ और गुलाब तीन सौ रुपये प्रति किलो बिक रहा
त्योहारी सीजन में फूलों के भाव भी बढ़ गए हैं। जिला पंचायत घंटाघर, बिहारीपुर ढाल की ओर फूलों की दुकान पर गेंदा 150 रुपये और देसी गुलाब 300 रुपये प्रति किलो बिका। फूल विक्रेता शुभम के मुताबिक मंडी में फूल की आपूर्ति शुक्रवार को नहीं हुई। जिसके चलते मांग अधिक और माल कम होने की वजह से कीमत बढ़ गए हैं। बताया कि आम दिनों में गेंदा 80 रुपये और गुलाब 150 रुपये प्रति किलो बिकता है।
धनतेरस से दिवाली तक खुलेंगे बाजार, 30 को बंद होंगे
दिवाली त्योहार के मद्देनजर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने शासनादेश के तहत धनतेरस से दिवाली पर्व तक बाजारों में साप्ताहिक बंदी से छूट दी है। इस दौरान जिन बाजारों में साप्ताहिक बंदी होती है वे बाजार, प्रतिष्ठान 30 अक्तूबर को बंद रहेंगे। आदेश का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई होगी।