सूबे की पुलिस का मुखिया बनने के दो महीने बाद शुक्रवार को ओपी सिंह पहली बार बरेली जोन के अपराध की समीक्षा करने यहां पहुंचे। पुलिस लाइन में उन्होंने अधिकारियों की क्लास ली। एक साल में लॉ एंड ऑर्डर और अपराध की स्थिति को संतोषजनक बताते हुए उन्होंने अधिकारियों की पीठ थपथपाई। साथ ही लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की हिदायत भी दी। बाद में पत्रकारों से मुखातिब होने पर उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं गिनाने के साथ ही अपराधियों पर ज्यादा सख्त कार्रवाई का संदेश दिया। भ्रष्टाचार के सवाल पर बोले- हम चाहते हैं कि पहले हमारा घर साफ हो। थानों में तैनाती के संबंध में कहा कि अगर परफॉरमेंस नहीं है तो थाने का चार्ज भी नहीं मिलेगा।
डीजीपी ने कहा कि एक साल में लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने और अपराधों के खिलाफ पुलिस का अच्छा प्रदर्शन रहा है। त्योहार खासतौर पर होली शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न कराने पर एडीजी, आईजी और एसएसपी को प्रशस्तिपत्र भी जारी किया गया है। इसी क्रम में कॉप ऑफ मंथ चुनने की योजना शुरू की गई है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि एमपी, एमएलए और जनप्रतिनिधियों के साथ महीने में कम से कम एक बार संवाद जरूर किया जाए। विवेचना में मजबूती के लिए हम सीबीआई के अधिकारियों के साथ मिलकर वर्कशॉप कर रहे हैं। जोनल हेडक्वार्टर में इसका ट्रेनिंग प्रोग्राम चलाया जाना है।
पुलिस भाजपा नेताओं के दबाव में नहीं
भाजपा नेताओं के दबाव के सवाल पर उन्होंने कहा कि पुलिस दबाव में बिल्कुल नहीं है। फरियादियों की संख्या यह तय नहीं करती कि थानों में रिपोर्ट नहीं दर्ज हो रही। उन्होंने एंटी रोमियो स्क्वाड को अधिक सशक्त बनाने की बात कही। पशु तस्करों की पैरवी करने पहुंचे दारोगा के बाबत पूछने पर बोले, उसके खिलाफ आईजी को जांच के निर्देश पहले ही दिए जा चुके हैं। जांच के बाद कार्रवाई होगी।
जोन स्तर पर चलेंगे साइबर क्राइम कंट्रोल ट्रेनिंग प्रोग्राम
उन्होंने कहा, मित्र पुलिस की छवि को मजबूत करना ही मकसद है। पुलिस और पब्लिक के बीच दूरियों को खत्म करना है। अपराधियों की लिस्ट बनाई जा रही है। हमने तीन हजार से ज्यादा आपराधिक घटनाओं के खुलासे में अच्छा प्रदर्शन किया है। 1500 इनामी बदमाशों को पकड़ा है। मुठभेड़ में 44 दुर्दांत अपराधियों की पुलिस की गोली से जान गई है। बरेली जोन के अलावा आगरा, वाराणसी में भी अच्छा काम हुआ है। अब जोन स्तर पर साइबर क्राइम कंट्रोल ट्रेनिंग प्रोग्राम चलाए जाने हैं।