बिना किसी सूचना के अचानक ब्लॉक ले लिए जाने से यात्रियों के लिए दिक्कतों की वजह बन गया। कई ट्रेनें जंक्शन से तो रवाना हुईं लेकिन छोटे स्टेशनों पर रोक दी गईं। इंजीनियरिंग विभाग ने बिलपुर और टिसुआ सेक्शन की डाउन लाइन पर 12 से दो बजे के बीच ब्लॉक लिया। ब्लॉक लिए जाने की जानकारी बिलपुर के स्टेशन मास्टर को भी नहीं थी। अचानक कामर्शियल कंट्रोल से ट्रेनों को रोकने का मैसेज मिला। इस पर सियालदह एक्सप्रेस, गुवाहाटी एक्सप्रेस, डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस, गरीबरथ एक्सप्रेस और बरेली वाराणसी एक्सप्रेस को चनेहटी, रसुइया और पीतांबरपुर स्टेशनों पर रोक दिया गया। मालगाड़ियों को भी जंक्शन पर रोका गया। इंजीनियरिंग विभाग के मुताबिक गर्मियों में पटरियां बढ़ने लगी हैं, रेल हादसे रोकने के लिए पटरियों को काटा जा रहा है। रेल पथ निरीक्षक राजेंद्र पाल सिंह के मुताबिक पटरियों को सर्पाकार होने बचाने के लिए यह पहले से तैयारी की जा रही है।