बरेली। डोहरा रोड स्थित स्टेडियम में आयोजित बरेली कॉरपोरेट लीग में रविवार को दो मुकाबले खेले गए। इनमें डीजी इंफ्रा और प्रो क्लब ने अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में जगह पक्की की।
दिन के पहले मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुरप्रीत वेलनेस सेंटर की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट खोकर 164 रनों का स्कोर खड़ा किया। ओपनर अखिल देव ने 59 रनों की पारी खेली। मानिक सिरोही ने 44 रनों का योगदान दिया। डीजी इंफ्रा के लिए आसिफ रजा ने चार विकेट चटकाए।
जीत के लिए मिले 165 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीजी इंफ्रा की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। ऋषभ चौहान ने 41 और विश्राम खोजी ने 42 रनों की पारियां खेलीं। अंत में अनुज शर्मा ने नाबाद 23 और अंकित सिंह ने नाबाद 13 रन बनाकर 18वें ओवर में ही तीन विकेट के नुकसान पर 165 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिला दी। चार विकेट लेने वाले आसिफ को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दिन के दूसरे मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए बालाजी इंडस्ट्री ने निर्धारित 20 ओवरों में केशव शर्मा के 67 और आशीष दुबे के 36 रनों की मदद से 153 रनों का स्कोर बनाया। प्रो क्लब के गेंदबाज शुभम कौशिक ने केवल 20 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए।
जवाब में उतरी प्रो क्लब की टीम ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए मैच को महज 10 ओवरों में ही खत्म कर दिया। सुमित सोनकर ने 23 गेंदों पर 72 रनों की विस्फोटक पारी खेली। शशांक रस्तोगी जोंटी ने 22 गेंदों पर 52 रन बनाए। अंत में शुभम कौशिक ने नाबाद 15 रन बनाकर मैच आसानी से अपनी झोली में डाल लिया। गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में चमकने वाले शुभम कौशिक को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।
मैच के समापन पर मुख्य अतिथि डॉ. राहुल वर्मा ने शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस दौरान पिंटू चौधरी, संदीप पॉल, सलमान अली, रियाज अफरीदी, अंकित सिंह आदि मौजूद रहे।