देवशयन के बाद मांगलिक ही नहीं कुछ और कार्य भी निषिद्ध होते हैं। मान्यता के अनुसार चतुर्मास व्रत में पलंग पर सोना, भार्या का संसर्ग, झूठ बोलना, मांस खाना, शहद, मूली और बैंगन का सेवन वर्जित होता है। शुभता के लिए एकादशी के दिन सूर्योदय के साथ ही जगना चाहिए और साफ-सुथरे कपड़े पहनकर ही भगवान की आराधना की जानी चाहिए। पूजन सामग्री में पीले फूलों का प्रयोग करें।
देवशयन से बढ़ जाएगी पिया मिलन से दूरी
ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक, इस साल महज 18 विवाह लग्न ही शेष हैं। एक जुलाई को हरिशयनी एकादशी के बाद 25 नवंबर को देवोत्थानी एकादशी को मुहूर्त है। इस दिन भगवान शयन से जागेंगे। इसके बीच कोई भी विवाह लग्न नहीं मिलेगी। 14 दिसंबर से 14 जनवरी 2021 तक खरमास के कारण विवाह मुहूर्त नहीं रहेंगे। 16 जनवरी, 2021 से 12 फरवरी तक गुरु अस्त रहेंगे। इस दौरान भी मुहूर्त नहीं है। 17 फरवरी, 2021 से ढाई माह के लिए शुक्र अस्त हो जाएंगे। 14 मार्च से 14 अप्रैल तक खरमास चलेगा।
ज्योतिष गणना के अनुसार जून माह के समाप्त होने में महज आठ दिन शेष हैं। इस बीच 25, 27, 28 और 30 जून ही विवाह लग्न बची हैं। इसके बाद चतुर्मास शुरू हो जाएगा। देवोत्थान के दिन यानी 25 नवंबर को फिर से मांगलिक आयोजन शुरू होंगे। हालांकि, नवंबर में महज दो ही दिन यानी 25 और 30 नवंबर को विवाह का शुभ लग्न है। दिसंबर में आठ यानी 1, 2, 6, 7, 8, 9, 11 और 13 को विवाह योग्य शुभ लग्न का मान है। इसके बाद खरमास शुरू होने से सभी मांगलिक आयोजन वर्जित रहेंगे।
एकादशी तिथि मुहूर्त
एकादशी तिथि प्रारंभ- 30 जून शाम 7:49 बजे
एकादशी तिथि समाप्त - एक जुलाई शाम 5:29 बजे
व्रत अनुष्ठान - उदयातिथि का मान होने से एक जुलाई को व्रत धारण किया जाएगा।
व्रत परायण - दो जुलाई सुबह 5:27 बजे से 8:14 बजे के बीच।