बरेली। चौपुला पर सिटी स्टेशन की तरफ से भी काफी समय से ठप पड़ा फ्लाईओवर अब बनने लगा है। यहां पिलर की फाउंडेशन बनाने के लिए मशीनों से खुदाई होनी शुरू हो गई है। हालांकि पास में ही वाटर पाइप लाइन पड़ रही है, जिससे जाम की समस्या पैदा हो रही है।
चौपुला फ्लाईओवर चौकी चौराहा रोड, अयूब खां चौराहा और सिटी स्टेशन की तरफ बनना है। सेतु निगम ने अयूब खां और चौकी चौराहा की ओर तो पिलर के लिए फाउंडेशन बना ली थी, लेकिन सिटी स्टेशन की तरफ जाम लगने की समस्या बताते हुए ट्रैफिक पुलिस ने काम करने की अनुमति नहीं दी थी। करीब दो महीने के लंबे वक्त के बाद सिटी स्टेशन की तरफ भी सेतु निगम ने काम शुरू कर दिया है। सोमवार को पिलर की नींव बनाने के लिए मशीनों के जरिये खुदाई की गई। हालांकि सेतु निगम ने जिस जगह पर बोर्ड बैरीकैडिंग लगाई है, वहां पास में ही पानी की पाइप पाइन बिछाने का काम भी चल रहा है। इससे पानी व कीचड़ भी सड़क पर आ रहा है, जिससे जाम की दिक्कत पैदा होने के साथ ही कीचड़ से वाहनों के रपटने का खतरा भी पैदा हो रहा है।