बरेली। मरम्मत और रंगाई-पुताई कर कोषागार की दशा सुधारने के लिए वित्त मंत्री सुरेश खन्ना की पहल पर मिले आठ लाख रुपये पीडब्ल्यूडी में अटका हुआ है। सीटीओ अनवर अहमद का कहना है कि इस बारे में वह कई बार पीडब्ल्यूडी वालों से कह चुके हैं लेकिन फिर भी अब तक टेंडर नहीं हुए हैं। अब उन्होंने फिर पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के एक्सईएन हरबंश सिंह को रिमाइंडर भेजा है। पीडब्ल्यूडी अब 18 नवंबर को इस काम के लिए टेंडर करेगा।
कलक्ट्रेट परिसर में स्थित कोषागार में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने 17 अक्तूबर की दोपहर को छापा मारा था। इस दौरान कोषागार की हालत काफी खराब मिली। कंप्यूटर टेबल के नीचे और दरवाजों के पीछे कई हिस्सों में मकड़ी के जाले और धूल जमी हुई थी जिस पर मंत्री काफी नाराज हुए थे। पत्रावलियों में भी कई खामियां मिलीं। वित्त मंत्री ने सीटीओ अनवर अहमद और कार्यालय अधीक्षक समेत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। दो ही दिन बाद कोषागार में मरम्मत और रंगाई-पुताई के काम के लिए लिए वित्त मंत्री ने आठ लाख रुपये का बजट भी जारी करा दिया, लेकिन इसके बावजूद अब तक काम शुरू नहीं हुआ है। सीटीओ का कहना है कि उन्होंने पीडब्ल्यूडी को बजट भेज दिया था। पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड को टेंडर करने हैं। इस मामले में पहले भी कई बार कहा जा चुका है। अब फिर रिमाइंडर देकर एक्सईएन हरबंश सिंह से काम जल्द शुरू कराने को कहा गया है। बुधवार को पीडब्ल्यूडी स्टाफ को बुलाया तो बताया गया कि टेंडर 18 नवंबर को कराए जाएंगे।