बरेली। रामगंगा नगर स्थित बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की महत्वाकांक्षी कावेरी और नर्मदा टाउनशिप इन दिनों बदहाली का शिकार है। बीडीए ने इसे क्लोज्ड गेट टाउनशिप के रूप में विकसित किया था। सीवर, पानी, सुरक्षाकर्मी, सीसी कैमरे की व्यवस्था नहीं है। पार्क भी बदहाल हैं। नाराज काॅलोनीवासियों ने सचिव को समस्याएं बताई हैं और समाधान की मांग की है। काॅलोनी में रहने वाले अशोक आर्य, प्रदीप कुमार, अनुराग शर्मा, पुरुषोत्तम सिंह, ज्ञान प्रकाश, राजेश गंगवार आदि ने बताया कि लाखों रुपये भुगतान करने के बावजूद उन लोगों को गांव जैसी सुविधाएं मिल रही हैं।
टाउनशिप में बिजली की अघोषित कटौती से बच्चों की पढ़ाई तक प्रभावित है। सीवर और वाटर लाइनें तो हैं लेकिन बंद पड़ी हैं। क्लोज्ड गेट टाउनशिप होने के बाद भी यहां एक भी सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं है और बाउंड्रीवॉल भी एक जगह से टूटी हुई है। सीसी कैमरे न होने का फायदा उठाकर अब तक छह घरों में चोरियां हो चुकी हैं, जिससे पूरी कॉलोनी में भय का माहौल है।
बच्चों और बुजुर्गों के लिए पार्क का निर्माण तक नहीं कराया गया। नियमित कूड़ा उठान न होने से गंदगी और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
पूर्व में सचिव स्तर से मिले आश्वासनों के बाद भी धरातल पर कोई सुधार नहीं दिख रहा। काॅलोनी के लोगों ने सचिव से मिलकर समस्याओं को दूर कराने की मांग की है।
बीडीए सचिव वंदिता श्रीवास्तव ने बताया कि काॅलोनी के लोगों ने अपनी समस्याएं बताई हैं। जल्द से जल्द समस्या दूर कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।