बरेली। चौपुला चौराहे पर सेतु निगम ने किला रोड पर फ्लाईओवर के पिलर के लिए फाउंडेशन बनाना शुरू कर दिया है, लेकिन सुरक्षा मानकों की अनदेखी से यहां हादसे का खतरा बना हुआ है। शनिवार को सड़क के बीच जेसीबी से खुदाई कर गहरा गड्ढा बना दिया गया है, लेकिन उसके चारों तरफ बैरीकेडिंग नहीं की गई और न ही वाहन चालकों को सतर्क करने सेफ्टी सिग्नल लगाए गए। जबकि इस चौराहे पर हर समय काफी ट्रैफिक रहता है।
सेतु निगम को चौपुला फ्लाईओवर के लिए किला रोड पर पिलर बनाना है। इस रोड पर एक तरफ चौपुला का पुराना पुल भी है। इसलिए यहां सर्विस रोड की चौड़ाई भी पर्याप्त नहीं है। ट्रैफिक जाम की दुश्वारी के बीच शनिवार को सेतु निगम ने किला रोड पर पिलर की फाउंडेशन बनाने के लिए जेसीबी से खुदाई शुरू करा दी है। सेतु निगम स्टाफ की गंभीर लापरवाही यह सामने आई कि गहरे गड्ढे के चारों तरफ ट्रैफिक को रोकने के लिए न तो बोर्ड बैरीकेडिंग रखी गई और न ही चालकों को सतर्क करने के लिए पुलिस या सेतु निगम का स्टाफ ही मौजूद था। गड्ढेे के बिलकुल पास से वाहनों के गुजरने से एक्सीडेंट का खतरा बना रहा।