भोजीपुरा के गांव खंजनपुर और लेबर कॉलोनी सीबीगंज में मिला डेंगू रोगी
बरेली। बुखार पीड़ितों की बढ़ती तादाद के साथ ही डेंगू और मलेरिया के मामले भी लगातार सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को दो और लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई। उन्हें डेंगू वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया है। उधर, मलेरिया के 13 सौ सैंपल की जांच में 31 की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली हैं। इनमें 12 मरीज प्लाज्मोडियम फैल्सीपेरम के हैं।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को जिला अस्पताल समेत अन्य सीएचसी और पीएचसी पर बुखार के मरीजों की जांच की गई। संदिग्ध मरीजों के मलेरिया और डेंगू की जांच के लिए सैंपल लिए गए। रैपिड किट से जांच में आठ डेंगू संदिग्धों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने पर एलाइजा जांच के लिए सैंपल एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज भेजे गए थे। शाम को मिली रिपोर्ट में दो की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें भोजीपुरा के गांव खंजनपुर का एक 11 वर्षीय किशोर और सीबीगंज की लेबर कॉलोनी का 34 वर्षीय युवक शामिल है।
जिला मलेरिया अधिकारी डीआर सिंह ने बताया कि डेंगू के दो और मरीजों की पुष्टि के बाद उनके क्षेत्र में निरोधात्मक कार्रवाई स्वास्थ्य विभाग की ओर से की जा रही है। स्थानीय स्वास्थ्यकर्मी को डोमेस्टिक ब्रीडर चेकर्स अभियान के तहत घर-घर जांच के निर्देश दिए गए हैं। परिवार के साथ-साथ आसपास के अन्य घरों में बुखार के मरीजों को तलाश की जाएगी और मच्छरों का लार्वा नष्ट करने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा।