बरेली। जावेद हबीब के मुजफ्फरनगर में बड़ौत की महिला के सिर पर थूकने से गुस्साए हिंदू संगठनों ने शुक्रवार को डीडीपुरम में प्रदर्शन किया। इस दौरान डीडीपुरम स्थित हबीब के सैलून (फ्रेंचाइजी) का बोर्ड और बाहर रखा सामान तोड़ दिया। बाद में हबीब की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालकर पुतला फूंका।
हिंदू जागरण मंच के बैनर तले डीडीपुरम में एकत्र हुए कई हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जावेद हबीब के सैलून के सामने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। हबीब की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालकर पुतला फूंका। इस दौरान मंच के महानगर अध्यक्ष दुर्गेश गुप्ता ने उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
मंच के प्रांतीय प्रचार प्रमुख नितेश कपूर ने कहा कि हिंदू समाज ऐसे लोगों को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। प्रदर्शन के दौरान अरुण फौजी, अमित क्षत्रिय, विशाल प्रकाश, ओंकार सिंह आदि मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित कुछ युवाओं ने डीडीपुरम स्थित जावेद हबीब के सैलून का बोर्ड और बाहर रखा सामान भी तोड़ दिया। हालांकि संगठन के महानगर अध्यक्ष दुर्गेश गुप्ता ने इससे इनकार किया है।