बरेली। सेटेलाइट बस अड्डा के पास नाले में डूबकर हरदोई निवासी तौहीद की मौत के मामले में नगर निगम के जिम्मेदारों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की गई है। सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता और सामाजिक संगठन पीपुल्स टू इंश्योर कम्पलाइंस ऑफ कॉन्स्टिट्यूशनल टमर्स के वरिष्ठ सलाहकार अमजद सलीम ने इसको लेकर बारादरी थाने में तहरीर दी है।
उन्होंने कहा कि नाले को नगर निगम ने खुला छोड़ दिया। कोई चेतावनी बोर्ड और संकेतक भी नहीं लगाया। नगर निगम के जिम्मेदारों का यह कृत्य गैर इरादतन हत्या की श्रेणी में आता है।
नगर निगम के जिम्मेदारों ने जेई, सफाई नायक, सुपरवाइजर और ठेकेदार को नाले में डूबने से मौत के मामले में जिम्मेदार बताते हुए पल्ला झाड़ लिया। उन्होंने मांग की है कि नगर निगम के जिम्मेदारों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना की जाए।